ऋषिकेश। ऋषिकेश में एक के बाद एक चोरी की घटनाओं से पुलिस महकमा सकते में है। कोतवाली क्षेत्र के भरत विहार और रूषाफार्म में चोर दो घरों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनाओें की जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को पुलिस को कोतवाली क्षेत्र के भरत विहार और रूषा फार्म में चोरी की घटना की सूचना मिली। बुधवार रात को भरत विहार में मोहन लाल बेलवाल के बंद मकान में चोरों ने सेंधमारी कर दी। बृहस्पतिवार को मोहन लाल बेलवाल ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित ने बताया कि चोर उनके घर से 60 हजार की नकदी, सोने की चेन और दो अंगूठी पर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि वह दिनभर भरत विहार स्थित घर में पूजा पाठ और कर्मकांड करते हैं। वहीं रात को सोने के लिए अपने आवास विकास स्थित आवास में चले जाते हैं। वहीं चोरी की दूसरी घटना रूषाफार्म की गंगोत्री कॉलोनी निवासी लक्ष्मी प्रसाद पांडेय के घर पर हुई। लक्ष्मी प्रसाद पांडेय किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे, घर पर उनकी पत्नी गुड्डी देवी अकेली थी। पत्नी जब सुबह उठी तो आलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी से 30 हजार की नकदी, एक सोने का मंगलसूत्र गायब था। परिजनों ने पुलिस को चोरी की घटना की सूचना दी। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरी की घटनाओं को खुलासा किया जाएगा।