जेईई मेन 2027: आधार-पैन कार्ड नहीं है तो पासपोर्ट के जरिए भी कर सकते हैं आवेदन, किन अभ्यर्थी के लिए ये सुविधा?
एक्स पर एक यूजर ने पूछा, जिन एनआरआई अभ्यर्थियों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, वे पहचान के प्रमाण के रूप में पासपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं? जानें इस पर एनटीए ने क्या जवाब दिया...
विस्तार
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main) के लिए आवेदन करने वाले ऐसे भारतीय मूल के अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है, जो विदेश में रहते हैं और जिनके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध नहीं है। अब ऐसे अभ्यर्थी पासपोर्ट के माध्यम से भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पूछे गए एक यूजर के सवाल के जवाब में स्पष्ट किया है कि जिन एनआरआई अभ्यर्थियों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, वे पहचान के प्रमाण के रूप में पासपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह स्पष्टीकरण उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें पहचान संबंधी दस्तावेजों की कमी के कारण जेईई मेन के ऑनलाइन आवेदन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आधार, पैन और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है तो क्या करें?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर एक यूजर ने एनटीए से सवाल पूछा था कि यदि किसी एनआरआई उम्मीदवार के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई भी दस्तावेज नहीं है, तो वह जेईई मेन के लिए पंजीकरण कैसे कर सकता है? क्या पासपोर्ट के जरिए आवेदन करना संभव है?
इस सवाल के जवाब में एनटीए ने कहा: “You can now use passport to complete the application process.”
अर्थात, अब अभ्यर्थी पासपोर्ट का उपयोग करके आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
एनटीे के जवाब के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी को नया आवेदन जमा करना है, तो वह 28 और 30 अक्तूबर को जारी सार्वजनिक सूचनाओं को भी देख सकता है।
28 और 30 अक्तूबर के नोटिस में क्या है?
एनटीए ने जेईई मेन 2027 (सत्र-1) के लिए 28 अक्तूबर 2026 को पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसमें अभ्यर्थियों को अपने DigiLocker, JanParichay या e-Pramaan अकाउंट से लॉगिन करने और DigiLocker के माध्यम से री-केवाईसी करने की सलाह दी गई है। आवेदन में नाम और जन्मतिथि कक्षा 10वीं के प्रमाणपत्र या अंकपत्र के अनुसार रखने को कहा गया है।
वहीं, 30 अक्तूबर 2026 के नोटिस में एनटीए ने उन अभ्यर्थियों को नया आवेदन पत्र जमा करने की अनुमति दी, जिन्होंने पहले ही आवेदन कर लिया था और उनकी आवेदन संख्या भी जनरेट हो गई थी या परीक्षा शुल्क जमा कर दिया था। इस नोटिस के अनुसार:
- नया आवेदन 22 नवंबर 2026 तक बिना विलंब शुल्क जमा किया जा सकता है।
- 23 से 26 नवंबर 2026 तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकता है।
- नए आवेदन के लिए नया Application Number जारी होगा।
- पहले जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस नहीं होगा और न ही नए आवेदन में समायोजित किया जाएगा।
- केवल कुछ विवरणों में सुधार करना है तो 27 से 29 नवंबर 2026 तक उपलब्ध Correction Facility का उपयोग किया जा सकता है।
एनआरआई अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
एनआरआई अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपने पासपोर्ट में दर्ज विवरणों का ध्यान रखना चाहिए। पहचान संबंधी जानकारी और आवेदन पत्र में दर्ज विवरणों में किसी प्रकार की विसंगति होने पर आवेदन प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है। पासपोर्ट के उपयोग को लेकर किसी विशेष तकनीकी समस्या या संदेह की स्थिति में अभ्यर्थी एनटीए की हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।
- हेल्पलाइन नंबर: 011-40759000 / 011-69227700
- ईमेल: jeemain@nta.ac.in
- आधिकारिक वेबसाइट: jeemain.nta.nic.in/
कमेंट
कमेंट X