जौलीग्रांट: जाखन नदी के पास झाड़ियों के बीच मिली अर्धनग्न लाश, कई दिन पुरानी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
जाखन नदी के पास झाड़ियों में एक शव दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान में जुट गई।
विस्तार
रानीपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जाखन नदी में मंगलवार को एक अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। थानो-भोगपुर मार्ग पर स्थित जाखन पुल से करीब एक किलोमीटर नीचे नदी किनारे झाड़ियों में शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह खनन कार्य से जुड़े कुछ श्रमिक नदी में करीब 20 मीटर अंदर झाड़ियों की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्हें अर्धनग्न अवस्था में शव दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: एक के बाद एक तीन हादसों ने उजाड़े कई परिवार, 14 जिंदगियां खत्म, 36 घायल, परिवारों में पसरा मातम
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले नदी के आसपास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक घूमता हुआ दिखाई दिया था। आशंका जताई जा रही है कि बरामद शव उसी युवक का हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
