ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। श्यामपुर में एक शोरुम से मोबाइल, लेपटॉप तथा नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें उत्तर प्रदेश के लिए रवाना की हैं। बीती 27 फरवरी को सुमित सेमल्टी पुत्र स्व. रामलाल सेमल्टी निवासी अमित ग्राम गली नंबर 15 गुमानीवाला के श्यामपुर स्थित मोबाइल शोरुम का अज्ञात ने शटर तोड़कर 132 मोबाइल, लेपटॉप तथा 40 हजार रुपये उड़ा लिए थे। पकड़े जाने के भय से शोरुम में लगा सीसीटीवी कैमरा भी निकाल दिया था।
इस बाबत उन्होंने कोतवाली में तहरीर भी दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाल रितेश शाह के अनुसार पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, बुलंदशहर और मेरठ में तीन टीमें रवाना कर दी हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास क्षेत्रों के करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। सीसीटीवी फुटेज में कई चेहरे सामने आए हैं।