ऋषिकेश। मैने प्यार किया, जैसी सुपरहिट कई बॉलीवुड, भोजपुरी फिल्मों और धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी अभिनेत्री भाग्यश्री सपरिवार परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंची। आश्रम में उन्होंने परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
बुधवार को आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने अभिनेत्री भाग्यश्री से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, वाटर, सैनिटेशन और हाइजिन आदि क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्य करने की अपील की। कहा इसमें सिनेमा एवं टेलीविजन के कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। आश्रमाध्यक्ष ने उन्हें सपरिवार रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। भाग्यश्री ने कहा कि तीर्थनगरी की नैसर्गिक सुंदरता से वे अभिभूत हुई हैं। दोबारा मौका मिले तो वे फिर सपरिवार तीर्थनगरी घूमने आएंगी। इस मौके पर उनके पति हिमालय दासानी, बेटी अवन्तिका दासानी और बेटा अभिमन्यु दासानी शामिल थे। भाग्यश्री का बेटा और बेटी भी बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं।