ऋषिकेश। कोविड की दूसरी लहर के बाद सोमवार को योगनगरी में कक्षा छह से आठ तक के छात्रों के लिए स्कूल खुले। लेकिन पहले दिन स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति केवल 24 फीसदी रही। विद्यालय प्रबंधन आने वाले दिनों छात्र संख्या बढ़ने की बात कर रहे हैं। जबकि कुछ अभिभावक अभी बच्चों को स्कूलों में भेजने से भी कतरा रहे हैं।
श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने बताया कि कक्षा छह में 53 छात्रों में 11 छात्र, कक्षा सात में में 89 छात्रों में 19 छात्र, कक्षा आठ में 122 छात्रों में 26 छात्र उपस्थित हुए। वहीं पूर्णानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजीतपाल सिंह रौथाण ने बताया कि कक्षा छह में 15 छात्रों में से सात, कक्षा सात में 26 छात्रों में तीन और कक्षा आठ में 25 छात्रों में से चार छात्र उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि कुछ अभिभावक कोविड की तीसरी लहर को लेकर आशंकित हैं। इसलिए वह अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल ने बताया कि कक्षा छह में 53 छात्राओं में से 27, कक्षा सात में 66 छात्राओं में से 18, कक्षा आठ में 79 में 24 छात्राएं उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में छात्राओं की उपस्थिति बढेगी। तीर्थनगरी के स्कूलों में कुल 24 प्रतिशत छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।