Pithoragarh News: सस्ता गल्ला की दुकानें खाली, विक्रेताओं की हड़ताल से उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा राशन
सस्ता गल्ला विक्रेताओं की हड़ताल से जिले में राशन वितरण व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सस्ता गल्ला की दुकानें खाली हैं और उठान न होने से गोदामों में राशन रखने के लिए जगह नहीं है। जिले भर में 27 गोदामों में 21 हजार मीट्रिक टन राशन डंप हो गया है।
विस्तार
पिथौरागड़ में सस्ता गल्ला विक्रेताओं की हड़ताल से जिले में राशन वितरण व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सस्ता गल्ला की दुकानें खाली हैं और उठान न होने से गोदामों में राशन रखने के लिए जगह नहीं है। जिले भर में 27 गोदामों में 21 हजार मीट्रिक टन राशन डंप हो गया है। सस्ता गल्ला विक्रेताओं को समझाने एसडीएम सदर खुशबू पांडे मौके पर पहुंचीं, लेकिन कोई हल नहीं निकला और उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
सस्ता गल्ला विक्रेताओं की हड़ताल से गोदामों से राशन का उठान नहीं हो रहा है। दो लाख से अधिक उपभोक्ता निजी दुकानों से महंगा राशन खरीदने के लिए मजबूर हैं। मैदानी क्षेत्रों से राशन से भरे वाहन गोदामों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन इसे रखने के लिए जगह नहीं मिल रही है। मंगलवार को भी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने जिला पूर्ति कार्यालय के बाहर लंबित बिलों के भुगतान की मांग पर धरना दिया।
ये पढ़ें- Pithoragarh News: धूमधाम से मनाई गई पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 137वीं जयंती, डीएम विनोद गोस्वामी ने किया याद
नौवें दिन एसडीएम सदर खुशबू पांडे विक्रेताओं से वार्ता करने पहुंची। उन्होंने विक्रेताओं को निदेशालय से लंबित बिलों की धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी दी, लेकिन वे इसका जीओ दिखाने की मांग पर अड़े रहे। जीओ जारी न होने से एसडीएम को वापस लौटना पड़ा और सस्ता गल्ला विक्रेता धरने पर डटे रहे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिलों के भुगतान तक वे राशन वितरण नहीं करेंगे। धरना देने वालों में संगठन के अध्यक्ष मनोज पांडे, कैलाश जोशी, अनिल जोशी, ललित महर, संजीव बोहरा, कैलाश पुनेड़ा, राजेंद्र जोशी, हरिप्रिया पांडे, भगवती प्रसाद सहित कई सस्ता गल्ला विक्रेता शामिल रहे।
धारचूला में सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने गोदाम के बाहर दिया धरना
छिपला केदार कल्याण समिति के बैनर तले सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने गोदाम के बाहर धरना दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से अब तक पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत राशन के भाड़े का भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने शीघ्र निशुल्क खाद्यान्न योजना के राशन भाड़े, एमडीएम के बिलों के भुगतान की मांग की। कहा बिलों का भुगतान होने तक वे राशन नहीं बांटेंगे। धरना देने वालों में केशर सिंह धामी, शंकर दत्त भट्ट, महेंद्र चंद, राहुल सामंत, पूरन सिंह, सिकंदर सिंह, राम सिंह, गुमान सिंह, तेज सिंह आदि शामिल रहे।
सस्ता गल्ला विक्रेताओं से वार्ता कर उन्हें बिलों का बजट स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। जल्द ही उन्हें बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा। विक्रेताओं की हड़ताल खत्म होने पर राशन वितरण व्यवस्था पटरी पर आएगी।
- खुशबू पांडे, एसडीएम, सदर।