ट्रेड परमिट जारी होने में अभी लगेगा समय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-तिब्बत अंतर्राष्ट्रीय स्थल व्यापार में भाग लेने के लिए 90 व्यापारियों ने सोमवार को आवेदन पत्र तो जमा कर दिए हैं, लेकिन ट्रेड परमिट जारी होने में अभी कुछ समय और लग सकता है। क्योंकि ट्रेड अधिकारी और उपजिलाधिकारी एके पांडे अवकाश पर हैं। उनकी रिपोर्ट के बाद ही व्यापारियों के आवेदन सत्यापन के लिए देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय के एलआईयू आफिस भेजे जाएंगे। देहरादून से सत्यापन के कागज आने में कम से कम 10 दिन का समय लग जाता है। आज इसी अव्यवस्था को लेकर भारत तिब्बत व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने सहायक ट्रेड अधिकारी से मुलाकात की और तत्काल ट्रेड परमिट जारी करने की मांग की।
भारत तिब्बत व्यापार समिति के जीवन रौंकली, चक्र सिंह, धर्मेंद्र गर्ब्याल, दौलत रायपा, दीवान सिंह गर्ब्याल, दिनेश गुंज्याल ने सहायक ट्रेड अधिकारी पीएस कुटियाल से मुलाकात कर कहा कि पिछले वर्ष भी ट्रेड परमिट जारी करने में देरी हुई थी। देर से व्यापार शुरू होने के कारण व्यापारियों का अधिकांश सामान तिब्बत की मंडी तकलाकोट में बिक नहीं पाया। सामान को संभालने के लिए व्यापारियों को तकलाकोट में किराए का गोदाम लेना पड़ा है। यदि इस बार भी परमिट जारी होने में देरी होने पर व्यापारी समय पर तकलाकोट नहीं जा पाएंगे और उनको फिर घाटा उठाना पड़ेगा। सहायक ट्रेड अधिकारी ने कहा है कि परमिट जारी करने की प्रक्रिया जल्दी शुरू कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपने स्तर से सभी काम तेजी से कर रहा है।