किसानों की आय दुगना करना है ऋण मेले का लक्ष्य
किसानों की आजीविका के संसाधनों में वृद्धि के लिए दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसान ऋण मेले का आयोजन किया गया। वन पंचायत सभागार में आयोजित मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, सहकारी समिति के निदेशक हयात सिंह माहरा और पिथौरागढ़-चंपावत जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला ने संयुक्त रुप से किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब कृषकों की आय के साधन दुगना करना है। कहा कि लघु एवं सीमांत तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे किसानों की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर प्रभावी रूप से पहाड़ों से हो रहे पलायन पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सहकारी समिति अल्मोड़ा के उप निबंधक एमपी त्रिपाठी और जिला सहकारी बैंक संघ के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय को दो गुना करने के लिए कृषि के समस्त सेक्टरों, उद्यानिकी, पशुपालन, जड़ीबूटी, डेयरी, मत्स्य उत्पादन आदि के लिए दो प्रतिशत ब्याज की दर पर एक लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करा रही है। ऋण मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, दुग्ध विकास आदि विभागों सहित मां बाराही स्वयं सहायता सहकारी समिति, शुभारंभ फूड प्रोडक्ट, मां दुर्गा आजीविका स्वायत्त सहकारी समिति आदि की ओर से स्टॉल लगाए गए तथा विभिन्न उत्पादों की बिक्री की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एसएस बिष्ट, नगर पालिकाध्यक्ष पीसी तिवारी, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, मुकेश कलखुड़िया, दुग्ध संघ अध्यक्ष नवीन तड़ागी, जनार्दन चिल्कोटी, सहायक निबंधक पीएस राणा, महेश चौड़ाकोटी, हरीश जोशी, सूरज प्रहरी, विकास साह, नीरज पांडेय, महिपाल सिंह आदि मौजूद थे।
141 किसानों को 115.450 लाख रुपये के चेक बांटे
चंपावत। ऋण मेले में दुधारू पशुओं, गाय एवं भैंस आदि के लिए 73 कृषकों को 64 लाख, बकरी पालन के लिए आठ किसानों को 4.50 लाख, खच्चर खरीद के लिए 30 किसानों को तीन लाख, मौनपालन के लिए एक किसान को एक लाख, मुर्गीपालन के लिए एक किसान को एक लाख तथा 55 किसानों को 41.95 लाख रुपये की धनराशि के किसान क्रेडिट कार्डों का वितरण किया गया। इस प्रकार 141 किसानों को 115.450 लाख रुपये के चेकों का वितरण किया गया।