Uttarakhand: अपने गढ़ में देश के मुक्केबाजों को चुनौती देंगे पिथौरागढ़ के छह बॉक्सर, खूब बहाया है पसीना
पिथौरागढ़ जिला मुक्केबाजों का गढ़ है यह साबित किया है राष्ट्रीय खेलों में चयनित पिथौरागढ़ के मुक्केबाजों ने। जो अपने गढ़ में देश के खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देंगे। राष्ट्रीय खेलों के तहत सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बॉक्सिंग प्रतियोगिता होगी।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिला मुक्केबाजों का गढ़ और नर्सरी है यह साबित किया है राष्ट्रीय खेलों में चयनित पिथौरागढ़ के मुक्केबाजों ने। राष्ट्रीय खेलों के तहत सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बॉक्सिंग प्रतियोगिता होगी। इसके लिए चुनी गई उत्तराखंड की टीम में पिथौरागढ़ के छह मुक्केबाज शामिल हैं जो अपने गढ़ में देश के खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देंगे।
जिले से कैप्टन हरि सिंह थापा, राजेंद्र कुमार पुनेड़ा, देवी चंद, धर्मेंद्र प्रकाश भट्ट, नरेंद्र सिंह बिष्ट, दिलीप कुमौर पौड़ी, हयात सिंह पोखरिया, भगवान सिंह भैसोड़ा सहित कई मुक्केबाज निकले और इन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और जिले का गौरव बढ़ाया।
यहां तक कि कैप्टन हरि सिंह थापा को बॉक्सिंग के द्रोणाचार्य के नाम से भी प्रसिद्धि मिली है। इनके निर्देशन में मुक्केबाजी के गुर सीखने वाले खिलाड़ी आज भी अपने पंच का दम दिखा रहे हैं। यह पहला मौका है जब उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल हो रहे हैं और पिथौरागढ़ जिले को बॉक्सिंग की मेजबानी मिली है।
उत्तराखंड की टीम का भी चयन हो गया है और 13 मुक्केबाज प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने रिंग में उतरेंगे। चुने गए खिलाड़ियों में छह खिलाड़ी पिथौरागढ़ जिले के हैं इनमें पांच महिला जबकि एक पुरुष मुक्केबाज शामिल हैं। मुक्केबाजों के गढ़ में सीमांत के ये बॉक्सर रिंग में उतरकर अन्य खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देंगे और इनसे पदक दिलाने की काफी उम्मीद है।
45 दिनों तक विशेष प्रशिक्षण शिविर में खूब बहाया है पसीना
उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर अपने प्रदेश के लिए पदक लाने के लिए आतुर सभी खिलाड़ियों ने इसके लिए खूब पसीना बहाया है। सभी खिलाड़ियों को सीमांत जिले में ही 45 दिनों तक विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने इन्हें खूब तराशा है। अब इन पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने का दारोमदार है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में भी उत्साह कम नहीं है।