थल (पिथौरागढ़)। थल में मंगलवार को 35वीं देवराज सत्याल स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन मुकाबला पिंगलीनाग क्लब वर्षायत और इलेवन स्टार कोटमन्या के बीच हुआ, जिसमें वर्षायत की टीम 46 रन से जीती। तीन ओवर में आठ रन देकर पांच विकेट लेने पर वर्षायत के गेंदबाज मनोज मैन ऑफ द मैच रहे।
टॉस जीतकर वर्षायत की टीम ने 12 ओवर में तीन विकेट खोकर 149 बनाए। वर्षायत के ओपनर बल्लेबाज कमल ने 23 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 46 रन और विपिन ने 24 गेंदों में चार छक्के लगाकर 36 रन बनाए। कोटमन्या के गेंदबाज पवन ने दो, महेंद्र ने एक विकेट लिया।
जवाब में कोटमन्या की टीम 9.2 ओवर में 103 रन ही बना सकी। कोटमन्या की ओर से बबलू ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। वहीं यश ने दो, संजय और संदीप ने भी एक-एक विकेट लिए। मुख्य अतिथि टूर्नामेंट समिति के संरक्षक गंगा सिंह मेहता थे। इस मौके पर टूर्नामेंट समिति के उपाध्यक्ष राजेश पंचपाल, बबलू सामंत, अर्जुन सिंह रावत, प्रवीण जंगपांगी आदि थे।