मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। तीन माह से बंद धारखेत-तोमिक सड़क को खोलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
शनिवार को एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में ग्रामसभा गैला पत्थरकोट में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन ने तीन माह बीतने के बाद भी धारखेत-तोमिक सड़क नहीं खोली है। इससे क्षेत्र की पांच हजार से अधिक की आबादी को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
जुलाई में आई आपदा के कारण ग्राम गैला पत्थरकोट से ग्राम राप्ती, डोलमा, तोमिक को जोड़ने वाली किठीया गाड़ पुलिया और किठीया रोली पुलिया भी ध्वस्त हो गई थी। गैला मल्ला, गैला भेलदार, रिगू गाल्डीब, मनगैर रिगू, मल्ला चगली, फाफा टांगा पेयजल लाइन ध्वस्त होने के कारण लोग गधेरे, नालों का पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन अब जल स्रोत सूखने की कगार पर हैं। उन्होंने एक सप्ताह में समाधान नहीं होने पर बंगापानी तहसील में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर सरपंच सुंदर दानू, नरेंद्र, नीरज, मनोहर, हीरा, सुरेन, गौरव, राम आदि शामिल रहे।