Pithoragarh Protest: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आक्रोश रैली, कार्रवाई की मांग
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने नगर में रैली निकाली।
विस्तार
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने नगर में रैली निकाली। लोगों ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक महिलाओं, बेटियों के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है। मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है लेकिन भारत सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा भारत सरकार को बांग्लादेश पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाना चाहिए और संयुक्त राष्ट्र को इस हिंसा की जांच के लिए स्वतंत्र जांच आयोग का गठन करना चाहिए।
मंगलवार को विभिन्न हिंदूवादी संगठन सनातन एकता मंच के बैनर तले नगर के रामलीला मैदान में एकत्र हुए। लोगों ने सभा कर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर आक्रोश जताया। इसके बाद लोगों ने नगर में आक्रोश रैली निकाली। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक महिलाओं और बेटियों का जबरन धर्मांतरण करने के साथ उनके साथ दुष्कर्म किया जा रहा है। कट्टरपंथी मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में पूजा-अनुष्ठान के दौरान हमला कर रहे हैं। भारत सरकार को बांग्लादेश पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाकर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से स्वतंत्र जांच आयोग गठित कर अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की निष्पक्ष जांच, कट्टरपंथियों पर सख्त कार्रवाई, हिंसा और उत्पीड़न का शिकार अल्पसंख्यकों के पुनर्वास की मांग की। कहा बांग्लादेश सरकार को महिला और बच्चों का जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। इस दौरान लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम विनोद गोस्वामी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। चेतावनी देते हुए कहा यदि सरकार ने इस गंभीर मामले पर ठोस रणनीति के तहत काम नहीं किया तो देश का हर हिंदू सड़कों पर उतरेगा। इस मौके पर प्रो. एनएस भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, इंद्र लुंठी, महंत रमेश दास, रेखा जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, कोमल मेहता, मनीष महर, जगदीश पांडे, दीपक गोस्वामी सहित कई लोग शामिल रहे।