पिथौरागढ़। देवलथल तहसील क्षेत्र को प्रस्तावित डीडीहाट जिले में शामिल नहीं करने की मांग को लेकर लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया। लोगों का कहना है कि भविष्य में अगर डीडीहाट जिला मुख्यालय बन गया तो उन्हें देवलथल से 70 किमी की यात्रा कर डीडीहाट पहुंचना पड़ेगा। जबकि पिथौरागढ़ पिथौरागढ़ मुख्यालय की दूरी मात्र 20 किमी है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में डीडीहाट जिले को बनाया जाता है तो उन्हें डीडीहाट में शामिल ना कर पिथौरागढ़ में ही रहने दिया जाए। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भगवान प्रसाद, जगदीश प्रसाद,तनुजा पांडेय,प्रेमा सिरौला, गीता देवी, नरेंद्र प्रसाद,हेमा देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।
उधर पीपली क्षेत्र के लोगों ने भी डीडीहाट जिला बनने पर इस क्षेत्र को पिथौरागढ़ जिले में ही रखे जाने की मांग की है। पीपली में आयोजित बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता भूपाल दत्त भट्ट ने कहा कि यातायात और अन्य सुविधाओं की दृष्टि से पीपली क्षेत्र की जनता के लिए पिथौरागढ़ सुगम है। अगर क्षेत्र को भविष्य में डीडीहाट में सम्मिलित किया गया तो ये जनता के साथ अन्याय होगा। कोऑपरेटिव बैंक कनालीछीना के डायरेक्टर एवं भाजपा किसान मोर्चा जिला महामंत्री बीरेंद्र सिंह कठायत ने कहा राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा आदि के कार्यों के लिए पिथौरागढ़ मुख्यालय उचित रहेगा। बैठक में जिला पंचायत सदस्य दीपिका भट्ट, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख हेमलता कठायत, भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष संजय ज्ञाला, युवा मंगल दल अध्यक्ष प्रकाश भाट, मनोज कठायत, सुमन धामी, ग्राम प्रधान गीता देवी, नरेंद्र सिंह, गोकर्ण सिंह ज्ञाला, रेवाधर जोशी, अनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कन्याल, संतोष थलाल, पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, मान सिंह कार्की आदि उपस्थित रहे।