Pithoragarh News: आदि कैलाश में पत्थर लगने पर घोड़े से गिरी वृद्धा, जान गई; गुजरात की रहने वाली थीं सावला
आदि कैलाश में बोल्डर की चपेट में आने से गुजरात निवासी एक महिला की मौत हो गई।
विस्तार
ज्योलिंगकांग स्थित आदि कैलाश में पत्थर लगने के बाद घोड़े से गिरकर गुजरात निवासी एक वृद्धा की मौत हो गई। शव को धारचूला लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सावला देवयानी (64) अपने अन्य साथियों के साथ आदि कैलाश की यात्रा पर आई थीं। सोमवार को वह घोड़े पर सवार होकर पार्वती कुंड से गौरी कुंड की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 10:30 बजे अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर से चोट लगने के कारण वह घोड़े से नीचे गिर गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य यात्रियों ने सेना, आईटीबीपी और पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने घटना की जानकारी गुंजी पुलिस थाने को दी। दोपहर करीब एक बजे गुंजी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सिंह ने टीम को मौके के लिए रवाना किया। मृतक महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को धारचूला लाया जा रहा है।
इस पर 36वीं वाहिनी आईटीबीपी लोहाघाट की ज्योलिंगकांग पोस्ट के इंचार्ज एएसआई राजकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।