सिन्याली खोला और पातल तोक के आपदा प्रभावितों ने मुआवजा देने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
आपदा प्रभावित शुक्रवार को उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि 12 जुलाई की रात सिन्याखोला और पातल तोक में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन से मकानों को नुकसान पहुंचा। लोगों के मकाना और गौशाला ध्वस्त हो गए। गाय, बकरियों और अन्य जानवर भी दबकर मर गए। कहा है कि पीड़ित चार परिवारों को एक टेंट और दो-दो हजार रुपये दिए गए।
उन्होंने कहा कि अभी तीन परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जानी है। कहा है कि उक्त परिवार प्राथमिक विद्यालय में शरण लिए हुए हैं। उनके लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है। साथ ही राशन भी नहीं मिल पाया है। कहा कि पीड़ित परिवारों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री के साथ-साथ बर्तन, राशन, कंबल देने और भविष्य में पुनर्वास करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा, पूर्व प्रधान हर सिंह धामी, देव राम, केशव राम, हरीश राम, मनोज राम, कल्याण राम, हरी राम, धना देवी, धर्मेंद्र ठाकुर आदि शामिल रहे।