पिथौरागढ़: दो से दस दिसंबर तक बंद रहेगी विमान सेवा, यात्रियों को टैक्सी-बस से सफर की मजबूरी
दिल्ली और देहरादून रूट पर नियमित विमान सेवा के दावे परवान नहीं चढ़ पा रहे हैं। कंपनी की ओर से तकनीकी वजह बताकर 2 दिसंबर से 9 दिन तक विमान सेवा बंद रखी जाएगी। ऐसे में पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून जाने वाले लोगों को टैक्सी या बस से सफर करना होगा।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले से दिल्ली और देहरादून रूट पर नियमित विमान सेवा संचालित के दावे परवान नहीं चढ़ पा रहे हैं। आए दिन विमान सेवा लोगों को धोखा दे रही है। फिर से सीमांत के लोगों को कुछ दिन के लिए विमान सेवा के लाभ से वंचित रहना पड़ेगा। दो दिसंबर से नौ दिन तक विमान उड़ान नहीं भरेगा। ऐसे में पिथौरागढ़ से दिल्ली, देहरादून जाने-वाले वाले यात्रियों के लिए टैक्सी या बसों सफर करना मजबूरी होगा। कंपनी की ओर से विमान सेवा बंद रखने की तकनीकी वजह बताई जा रही है।
पूर्व में कभी मौसम तो कभी तकनीकी कारणों से पिथौरागढ़-दिल्ली और पिथौरागढ़ देहरादून के बीच विमान सेवा बाधित होती रही है। बीते 27 अक्तूबर से एलायंस एयर कंपनी ने इन रूटों पर विमान सेवा नये शेड्यूल के अनुसार संचालित करनी शुरू की। तब से शुक्रवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन विमान सेवा संचालित होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है।
अब फिर से यात्रियों को परेशान होना होगा। कंपनी ने दो से 10 दिसंबर तक पिथौरागढ़-दिल्ली और पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर नौ दिन के लिए विमान संचालन बंद रखने का फैसला किया है। ऐसे में एक घंटे में सुगम यात्रा कर दिल्ली-देहरादून पहुंचने या वहां से पिथौरागढ़ आने के लिए यात्रियों को टैक्सी और रोडवेज बसों में लंबा सफर करना होगा।
मेंटेनेंस बताई जा रही है वजह
अब तक जब भी विमान सेवा बंद रही है इसके पीछे मेंटेनेंस की एकमात्र वजह बताई जाती रही है। फिर से कंपनी ने यही वजह बताकर विमान सेवा पर कुछ दिन के लिए ब्रेक लगाने का फैसला लिया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार कंपनी के पास एयरक्राफ्ट की कमी है। एक एयरक्राफ्ट पहले से खराब है। वहीं, वर्तमान में संचालित एयरक्राफ्ट को अब मेंटेनेंस की जरूरत है। विमान सेवा की ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले अंकुर कोहली ने बताया कि कुछ दिन पूर्व से ही पिथौरागढ़-दिल्ली और पिथौरागढ़-दून के बीच दो से 10 दिसंबर की समयावधि में टिकटों की बुकिंग बंद कर दी गई है। 11 दिसंबर को शुक्रवार के दिन विमान सेवा घोषित तौर पर बंद रहती है।
विमान सेवा दो से 10 दिसंबर तक बंद रहेगी। इस संबंध में कंपनी की तरफ से सूचना मिल चुकी है। इस अवधि में टिकटों की बुकिंग भी बंद है। - संदीप यादव, निदेशक, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़
