जिला मुख्यालय के सेंट थॉमस स्कूल में डेढ़ वर्ष पर रौनक लौटी। विद्यालय प्रबंधन ने बुधवार से अभिभावकों की स्वीकृति के बाद अब नर्सरी, एलकेजी व यूकेजी कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया है। बुधवार को तिलक लगा बच्चों का स्वागत किया गया तो बच्चों में भी खूब उत्साह देखने को मिला।
बुधवार को सेंट थॉमस स्कूल में कोविड नियमों का पालन करते हुआ अभिभावकों की स्वीकृति पर प्री-प्राइमरी कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया। कोविडकाल में डेढ़ वर्ष से अधिक समय से प्री-प्राइमरी के बच्चे स्कूल नहीं आए थे। पहले दिन स्कूल पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों का स्वागत किया। इस दौरान प्रत्येक बच्चे को तिलक लगा कक्षाओं में बिठाया गया। विद्यालय के प्रबंधक मैथ्यू जॉन ने बताया कि सम-विषम विधि से 50-50 फीसदी की उपस्थिति के साथ कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया है। बच्चों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए मास्क, सैनिटाइजर के उपयोग, खाना खाने से पहले हाथ धोने, सामाजिक दूरी के साथ बैठने की व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।