कूड़ा उठाने के दौरान कुछ कूड़ा एक पुलिस अधिकारी के वाहन पर कूड़ा गिर गया, जिससे कहासुनी देखते-ही देखते विवाद में तब्दील हो गई। आक्रोशित सफाई कर्मियों ने कोतवाली के समीप सड़क पर दो डंपर कूड़ा फैला दिया, जिससे पांच घंटे यातायात प्रभावित होने के साथ ही लोगों को दुर्गंध भी झेलनी पड़ी। मामला इतना बढ़ गया कि एडीएम के पास पहुंचने के बाद इसका पटाक्षेप हुआ।
उत्तराखंड स्वच्छकार संघ के नगर अध्यक्ष प्रवीण कुमार घाघट ने बताया कि बुधवार को तीन सफाई कर्मी कोतवाली के समीप एजेंसी चौक में कूड़ेदान से कूड़ा उठा रहे थे। इसी दौरान थोड़ा कूड़ा पास ही खड़ी पुलिस अधिकारी की कार पर गिर गया। इस पर पुलिस अधिकारी ने सफाई कर्मियों के साथ अभद्रता की, जिससे नाराज सफाई कर्मियों ने अगले दिन बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कूड़ा फैलाकर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी के माफी मांगने पर ही कूड़ा हटाया जाएगा। मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो सफाई कर्मी अपराह्न 3 बजे कोतवाली पहुंचे। यहां सीओ सदर वंदना वर्मा ने कहा कि सड़क मार्ग पर कूड़ा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस अधिकारी ने सफाई कर्मियों से कोई अभद्रता नहीं की है। मौके पर पहुंचा पालिका प्रशासन व पुलिस महकमा विवाद सुलझाने में नाकाम रहे। इसके बाद मामला एडीएम दरबार पहुंचा। एडीएम डा. एसके बरनवाल ने बताया कि सफाई कर्मियों व पुलिस अधिकारी के बीच हुए विवाद को आमने-सामने बिठाकर सुलझा लिया गया है। दोनों पक्षों को कड़ी फटकार भी लगाई। कहा कि इस तरह के मामले को तूल नहीं देना चाहिए। इस दौरान कोतवाल पौड़ी लक्ष्मण सिंह कठैत, ईओ नगर पालिका पौड़ी प्रदीप बिष्ट, सभासद अनीता रावत, समाज सेवी नमन चंदोला, बनारसी दास गौड़ आदि मौजूद रहे।