एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय के छात्रों ने बैक पेपर परीक्षा करवाने और ऑफलाइन पढ़ाई शुरू कराने समेत अन्य मांगों के लिए कुलपति सचिवालय के गेट के आगे सांकेतिक धरना दिया। बाद में कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने छात्रों को वार्ता के बुलाया और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंगलवार को बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी के नेतृत्व में गढ़वाल विवि मुख्यालय पहुंचे। यहां वह चार सूत्री मांगों के लिए कुलपति सचिवालय के गेट के समक्ष धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने उनको वार्ता के लिए बुला लिया। छात्रों ने वार्ता के दौरान कहा कि इन दिनों प्रथम सेमेस्टर के प्रवेश फार्म भरे जा रहे हैं। ऑनलाइन फार्म भरने में अभ्यर्थियों को दिक्कत हो रही है इसलिए एडमिशन पोर्टल में हेल्पलाइन नंबर दिया जाए। छात्रों ने शीघ्र बैक पेपर परीक्षा कार्यक्रम घोषित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सितंबर से राज्य के विवि खुल रहे हैं। इसी तर्ज पर गढ़वाल विवि में भी पठन-पाठन बहाल किया जाए। भंडारी ने बताया कि कुलपति ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कुलपति ने इसके लिए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्लू) और कुलसचिव के स्तर पर कार्रवाई की बात कही है। धरने में आयुष कंडारी, अमन कंडारी, कार्तिक तिवारी, आर्यन गैरोला, अनंत भंडारी, अमन मैठाणी, रजत शर्मा, आदित्य भंडारी व निर्मल आदि बैठे।