ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कटिंग काम स्थानीय निवासियों के विरोध के चलते शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि लोगों के विरोध के बाद पीडब्लूडी हाईवे खंड ने यहां वायरक्रेट की दीवार खड़ी कर दी है। ताकि पत्थर बस्ती में न गिरे। पीडब्लूडी के अनुसार, जल्दी यहां काम शुरू किया जाएगा।
देवप्रयाग बस अड्डे से तहसील चौक तक बदरीनाथ हाईवे के चौड़ीकरण का काम लगभग निपट चुका है। अब यहां देवप्रयाग बाजार के ऊपर और गृद्धांचल पर्वत के नीचे का लगभग 80 मीटर पैच शेष बचा हुआ है। यह देवप्रयाग का बॉटल नेक हिस्सा है। दिक्कत यह है कि यहां सड़क की चौड़ाई कम है और निचले हिस्से में घनी बस्ती है, जिससे चट्टान कटिंग का मलबा बस्ती के ऊपर गिरने का खतरा बना रहता है। साथ ही मशीनों के काम करने से मकानों में तेज कंपन होता है। ऐसे में स्थानीय निवासी भयभीत है। भवन स्वामियों के विरोध के बाद पीडब्लूडी ने पिछले हफ्ते काम रोक दिया था। पीडब्लूडी के सहायक अभियंता बीएन द्विवेदी ने बताया कि उक्त स्थान पर सड़क की चौड़ाई काफी कम है। इसे 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क से एकदम बस्ती सटी होने की वजह से निचली दिशा मेें वायरक्रेट वॉल खड़ी कर दी गई है, जिससे पत्थर बस्ती के ऊपर नहीं गिरेंगे। उन्होंने बताया कि सड़क के नीचे की ओर जगह न होने से यहां पुस्ते रखना संभव नहीं है। इसलिए कटिंग ही एकमात्र विकल्प है। कटिंग कार्य के लिए पूर्ण सावधानी बरती जाएगी।