संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सिविल सर्विसेज (प्री) परीक्षा एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। इसमें 130 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 91 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में कड़ी निगरानी के बीच रविवार सुबह 9.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे और अपराह्न 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक दो पालियों में यूपीएससी की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 39 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। मौके पर गढ़वाल मंडल के पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली व उत्तरकाशी जनपद समेत दिल्ली से पहुंचे अभ्यर्थियों ने पहली बार श्रीनगर में यूपीएससी का परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र न होने पर अभ्यर्थियों को देहरादून व अन्य शहरों में जाना पड़ता था। रुद्रप्रयाग की पूजा शाह व विजय नैनवाल ने बताया कि श्रीनगर में परीक्षा केंद्र बनाए जाने से पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों को अधिक लाभ होगा। परीक्षा केंद्र अधिक दूर होने से कई अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाते थे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र काफी सरल था। परीक्षा केंद्र में गढ़वाल मंडल आयुक्त रविनाथ रमन, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, एसडीएम अजयवीर सिंह व पुलिस प्रशासन आदि मौजूद थे।