पौड़ी। कोट महोत्सव की फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।
रविवार को मिनी स्टेडियम कोट में सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति की ओर से आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। क्षेत्र पंचायत स्तर का सेमीफाइनल मुकाबला देवार व कठूड़ के बीच खेला गया। मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल के लिए जूझती रहीं। दूसरे हाफ में देवार की ओर से पहला गोल किया गया। कठूड़ी की टीम ने गोल कर मुकाबला एक-एक से बराबर किया, लेकिन मुकाबले के अंतिम क्षणों में देवार ने दूसरा गोल दागकर 2-1 से फाइनल में प्रवेश कर लिया। उसका मुकाबला कोट की टीम से होगा। राज्य स्तर पर पहला सेमीफाइनल फुटबाल क्लब कोटद्वार व दस गढ़वाल राइफल्स के बीच हुआ। मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर पाईं। दूसरे हाफ में पहला गोल कोटद्वार और दूसरा गोल दस गढ़वाल राइफल्स ने किया। उसने मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। पेनल्टी शूटआउट में दस गढ़वाल राइफल ने 6-5 से मुकाबला जीत कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता खोला व चमना के बीच हुई। इसमें खोला की टीम ने मुकाबला जीत लिया। इस अवसर पर सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल, सचिव सुखदेव गुसाईं, आलोक चारु व तामेश्वर आर्य आदि मौजूद थे।