किच्छा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति और दो बेटियां घायल
किच्छा में नेशनल हाईवे-74 पर शनिवार देर शाम अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय उसमा देवी की मौत हो गई। हादसे में उनके पति कृष्ण कुमार और तीन वर्षीय व एक माह की दोनों बेटियां घायल हो गईं।
विस्तार
किच्छा। पति के साथ बाइक पर रुद्रपुर जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा थाना पुलभट्टा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-74 पर हुआ। मृतका की पहचान 28 वर्षीय उसमा देवी पत्नी कृष्ण कुमार निवासी अकबरगंज सिमरा, थाना बीसलपुर, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है। कृष्ण कुमार खेती-किसानी करते हैं।
शनिवार देर शाम वह बाइक पर पत्नी उसमा, तीन वर्षीय बेटी आराधना और एक माह की बेटी के साथ बीसलपुर से रुद्रपुर में अपने साले के घर जा रहे थे। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में सिरौली चौराहे के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से उसमा देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि कृष्ण कुमार और दोनों बच्चियां घायल हो गईं।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसमा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलभट्टा थानाध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।