झूले से गिरने पर महिला घायल: हायर सेंटर रेफर, झूला संचालक ने सेल्फी लेते समय असंतुलित होकर गिरने की बात कही
मल्लीताल में आयोजित मेले में ट्रेन झूले में सवार एक महिला अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे उन्हें चोटें आई हैं। घटना के बाद मेले में खलबली मच गई।
विस्तार
नैनीताल के मल्लीताल में आयोजित मेले में ट्रेन झूले में सवार एक महिला अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे उन्हें चोटें आई हैं। घटना के बाद मेले में खलबली मच गई और पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को तत्काल उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया जहां से चिकित्सकाें ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल ज्योति बिष्ट फेज 2, बिठौरिया, हल्द्वानी की निवासी हैं। वह परिवार के साथ नंदा देवी महोत्सव में आई थीं। बीडी पांडे अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रशांत ओली ने बताया कि महिला के हाथ में चोट आई हैं जिसके लिए उनकी सर्जरी की जाएगी। गनीमत रही कि उनके साथ मौजूद बच्चे को चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित है। वहीं झूला संचालक ने महिला की ओर से सेल्फी लेने के दौरान असंतुलित होकर गिरने की बात कही है।
सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल
लापरवाही का आरोप इस हादसे के बाद मेले में झूला चला रहे ठेकेदारों और प्रबंधकों की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल के परिजनों का आरोप है कि घटना के वक्त झूले की रफ्तार काफी तेज थी। सबसे बड़ी चूक यह रही कि झूले में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। बिना किसी मजबूत लॉक सिस्टम या सुरक्षा घेरे के इतनी तेजी से झूला चलाया जा रहा था, जिसने इस हादसे को न्योता दिया। मेले जैसे सार्वजनिक और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों में प्रशासन की ओर से झूले की फिटनेस जांच और सुरक्षा ऑडिट पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस फोर्स मौके पर भेजकर संचालक से पूछताछ की जा रही है।
पूर्व में भी हो चुका है हादसा, नहीं लिया सबक
नैनीताल के इसी मैदान में आयोजित मेलों में सुरक्षा की अनदेखी का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते कुछ वर्ष पूर्व भी यहां लगे एक मेले में बड़ा हादसा हुआ था, जब कोलंबस झूले से एक युवक अचानक नीचे गिर गया था। उस समय भी सुरक्षा मानकों को लेकर काफी हंगामा हुआ था, लेकिन प्रशासन और झूला संचालकों ने उस घटना से कोई सबक नहीं लिया। सुरक्षा ऑडिट में लगातार की जा रही इसी ढिलाई के कारण आज फिर एक परिवार मेले की खुशियों के बीच इस गंभीर हादसे का शिकार हो गया।
मल्लीताल खेल मैदान में झूले से महिला के गिरने का मामला संज्ञान में आया है। घटना के तुरंत बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। मेले में सुरक्षा मानकों को पूरा करने पर ही झूले लगाए गए हैं। - नवाजिश खलीक, एसडीएम, नैनीताल