Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Wedding procession dancing wreaks havoc on traffic flow

Nainital News: बरातों के डांस ने बजाया ट्रैफिक व्यवस्था का बैंड

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Thu, 26 Nov 2026 02:14 AM IST
विज्ञापन
Wedding procession dancing wreaks havoc on traffic flow
हल्द्वानी। शहर में शादी समारोहों की धूम राहगीरों के लिए आफत बनती जा रही है। सड़कों पर बैंड-बाजे की धुन पर थिरकती बरातों के बीच वाहनों के पहिए थम रहे हैं। रात 10 बजे की पाबंदी के चलते पीक आवर्स (रात सात से नौ बजे) में हो रहे घुड़चढ़ी और जनमासे के कार्यक्रम ने ट्रैफिक व्यवस्था की रफ्तार बिगाड़ दी है। कहीं आधी सड़क पर बरात का कब्जा है तो कहीं सड़क किनारे अवैध पार्किंग से रास्ते सिकुड़ रहे हैं। डीजे के शोर से अस्पतालों के मरीज और स्कूलों के बच्चे भी परेशान हैं। शादी की खुशियों के बीच आम शहरियों के हिस्से जाम, शोर और इंतजार आ रहा है।
विज्ञापन

बरातघर एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज पांडे के अनुसार, हल्द्वानी में करीब 200 बरातघर और ऐसे स्थल हैं जहां शादी समारोह आयोजित होते हैं। इनमें से शहर के अंदर करीब 12 आयोजन स्थल हैं और बाकी शहर के बाहर हैं। सहालग के सीजन में यहां रोजाना 150 से अधिक शादियां हो रही हैं।
विज्ञापन

मुख्य मार्गों पर स्थित बरातघरों की बात करें तो रामपुर रोड पर करीब 24, नैनीताल रोड पर करीब 39, कालाढूंगी रोड पर करीब 45 बरातघर, लॉन व अन्य ऐसे स्थान हैं जहां प्रतिदिन करीब 100 से अधिक शादी समारोह आयोजित हो रहे हैं। यहां मुख्य मार्गों पर जब घुड़चढ़ी या जनमासे का कार्यक्रम होता है तो ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। ऐसे समय में एंबुलेंस या ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
अस्पताल में मरीज, स्कूल में बच्चे परेशान
शहर में 10 से 12 बैंक्वेट हॉल अस्पतालों और स्कूलों के पास स्थित हैं। ऐसे में इन स्थलों पर बजने वाले डीजे की तेज आवाज अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों और बुजुर्गों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। दिन में आयोजित कार्यक्रमों का शोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में खलल डाल रहा है। ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम 2000 के तहत, अस्पताल और स्कूलों के पास दिन के समय 50 डेसिबल और रात में 40 डेसिबल तक ध्वनि में ही उपकरण बजाए जा सकते हैं। रिहाइशी क्षेत्र में 55 और 45 डेसिबल तक आवाज रखी जा सकती है। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में मौजूद ऊंचापुल निवासी कमल जोशी बताते हैं कि रात के समय पटाखों की तेज आवाज चौंका देती है। वार्ड में भर्ती मरीज तक रात में उठकर बैठ जाते हैं। हल्दूचौड़ निवासी राजेश ने बताया कि देर रात अस्पताल के बाहर से निकलने वाली बरातों का डीजे साउंड इतना तेज होता है कि नींद तक नहीं आती। देर रात तक जागने की वजह से शारीरिक दिक्कतें भी हो रही हैं।
---
वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग नहीं
शहर के कई बरातघर ऐसे हैं जहां वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में आयोजन के समय चार पहिया वाहन सड़क किनारे और कई बार सड़क तक पर पार्क होते हैं। इस स्थिति में जगह कम होने की वजह से भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और रेंगकर निकलते हैं।
--
अलग-अलग समय पर आधा घंटे तक का जाम
इन दिनों शाम के समय शहर में निकलों तो हर दो सौ से पांच सौ मीटर में एक बरात मिल जाती है। पुलिस की ओर से रात साढ़े 10 बजे तक बरात को आयोजन स्थल तक ले जाने के निर्देश हैं। इसलिए पीक समय में लगातार बरातें निकलती हैं। नतीजतन कई स्थानों पर रुक-रुककर आधा-आधा घंटे तक का जाम लग जाता है। एक स्थान से निकलते हैं तो आगे जाकर दूसरे स्थान पर फंसना पड़ जाता है।
---
जाम के हॉट-स्पॉट
- रामपुर रोड पर गंगू ढाबे से सुशीला तिवारी अस्पताल तक
- बरेली रोड पर तीनपानी से मंगल पड़ाव तक
- नैनीताल रोड पर तिकोनिया से नरीमन चौराहे तक
- कालाढूंगी रोड पर मुखानी चौराहे के 200 से 500 मीटर के दायरे में
- देवलचौड़ से मंडी व महर्षि स्कूल को जाने वाले मार्ग पर
- नहर कवरिंग रोड, हाइडिल गेट रोड व अन्य मार्ग
--
घोषित ही नहीं साइलेंस जोन
ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम के अनुसार, स्कूल और अस्पताल के 100 मीटर के दायरे को साइलेंस जोन घोषित किया जा सकता है। हल्द्वानी में अब तक कहीं भी साइलेंस जोन की व्यवस्था नहीं है। इसके लिए जिला प्रशासन या प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजते हैं और फिर राज्य सरकार इसकी अधिसूचना जारी करती है। साइलेंस जोन में संगीत बजाना और साउंड एम्पलीफायर का इस्तेमाल प्रतिबंधित होता है। साथ ही ध्वनि पैदा करने वाले पटाखे फोड़ने और हॉर्न बजाने पर भी रोक होती है।


ये थे पुलिस के निर्देश
- बरातघर से केवल 100 मीटर दूर से चढ़ेगी बरात
- रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड नहीं बजेगा
- छोटी ट्रॉली के साथ चलेंगे बैंड-बाजा संचालक
- बरातियों के लिए पार्किंग की करनी होगी व्यवस्था
- सड़क किनारे या भीड़ के बीच नहीं होगी आतिशबाजी

--वर्जन--
बरातघर, बैंड-बाजा और डीजे संचालकों के साथ पूर्व में ही बैठक कर निर्देश दिए जा चुके हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचती है और डीजे और ट्रैफिक की समस्या का समाधान करती है। - हरबंस सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed