रामनगर (नैनीताल)। मशहूर टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में दया बेन के भाई ‘सुंदर लाल’ का किरदार निभाने वाले मयूर वकानी की टीम को इंटरप्रिटेशन सेंटर को संवारने का काम दिया गया है। उनकी टीम वाइल्ड लाइफ थीम पर मूर्तिकला से सेंटर को सजाएगी। इसकी समयसीमा एक माह रखी गई है।
कॉर्बेट नेशनल पार्क के धनगढ़ी गेट पर म्यूजियम को हाईटेक करते हुए अब इसमें इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। इससे पर्यटकों को वन्यजीवों के साथ कॉर्बेट पार्क की विस्तृत जानकारी मिल पाएगी। कॉर्बेट प्रशासन बाघ, तेंदुआ, हाथी, भालू, हिरन सहित अन्य वन्यजीवों और कॉर्बेट के जंगल-नदियों को शिल्पकला के माध्यम से दिखाना चाहता है। यह काम टीवी कलाकार मयूर वकानी की टीम को दिया है। रामनगर पहुंचे मयूर वकानी ने बताया कि उनकी टीम में 20 से 25 लोग है, जो दिन रात इंटरप्रिटेशन सेंटर की डिजाइनिंग में लगे हुए हैं। वह पहले भी कई राज्यों में वाइल्ड लाइफ को मूर्तिकला के जरिए जीवंत कर चुके हैं। जिम कॉर्बेट पार्क में काम करने का अनुभव अलग ही है। यहां की जैव विविधता को अपनी कला के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। काम को एक माह के भीतर खत्म करने का प्रयास है। बता दें कि मयूर वकानी अच्छे कलाकार होने के साथ मूर्तिकार भी हैं। इसे देखते हुए उन्हें यह काम सौंपा गया है। सीटीआर निदेशक राहुल ने बताया कि इंटरप्रिटेशन सेंटर के जरिए यहां आने वाले पर्यटकों को अलग अनुभव मिलेगा। मयूर वकानी को इंटरप्रिटेशन सेंटर के कार्य को जल्द से पूरा करना है।