थप्पड़ कांड के बाद पुलिस में सख्ती: दरोगा से सिपाही तक के व्यवहार की निगरानी, सीओ समेत ये करेंगे आचरण की जांच
नैनीताल जिले में दरोगा से सिपाही तक के आचरण व व्यवहार की निगरानी होगी। सीओ, कोतवाल और एलआईयू रिपोर्ट तैयार कर सीधे एसएसपी को भेजेंगे।
विस्तार
नैनीताल जिले में अब दरोगा से लेकर सिपाही तक के आपसी आचरण व व्यवहार की निगरानी होगी। निगरानी और रिपोर्ट का जिम्मा सीओ, कोतवाल और एलआईयू को सौंपा गया है। इसकी रिपोर्ट सीधे एसएसपी को भेजी जाएगी।
हल्द्वानी कोतवाली में महिला दरोगा को थप्पड़ मारने के मामले के बाद यह सख्ती की गई है।महिला दरोगा को एसओजी सिपाही ने थप्पड़ जड़ने के साथ पिस्टल दिखाते हुए परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी थी। सिपाही को सस्पेंड कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसकी जांच जारी है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि सीओ, कोतवाल और खुफिया तंत्र अब सभी के व्यवहार और आचरण की जांच करेंगे। जिले में कहीं ऐसी स्थिति पाई जाती है जिससे विभाग की छवि धूमिल हो, तब कार्रवाई की जाएगी। विभाग में रहते हुए उसकी गरिमा भी बनाई रखनी पड़ेगी।