गरमपानी। बेतालघाट ब्लॉक के रातीघाट-जाख-बुड़लाकोट मोटर मार्ग कई जगह से बह जाने से बंद पड़ा है। बंद मार्ग को खोलने को लेकर सोमवार और मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी को मौके पर भेजा। वहीं मशीन से मलबा हटाने और सड़क किनारे की पहाड़ी से मिट्टी कटान की जानकारी पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने कमजोर पहाड़ी के कटान से अपने मकानों को खतरे में देखकर निर्माण कार्य को रोक दिया।
रातीघाट निवासी विजय रौतेला, चंद्र प्रकाश, दिनेश चंद्र सती, तारा सिंह बिष्ट, महेश चंद्र ने पहाड़ी से छेड़छाड़ न करते हुए बहे मार्ग में मिट्टी और पत्थरों का भरान कर वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की है। वहीं मार्ग के नहीं खुलने से जाख, बुड़लाकोट, चौरसा समेत आसपास के सब्जी उत्पादन किसान और दुग्ध पालकों को बेहद समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जाख के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह अधिकारी ने बताया कि रातीघाट से घोड़े और खच्चरों से घर का राशन लाने पर अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है। प्रांतीय खंड लोनिवि के सहायक अभियंता केएस बसेड़ा ने बताया कि फिलहाल काम रोक दिया गया है। मार्ग निर्माण के शुरुआत में ही भारी भरकम बोल्डर आ जाने से जेसीबी से काम हो पाना संभव नहीं है। जल्द बड़ी मशीन को लगाकर मार्ग खोला जाएगा। जब दोबारा निर्माण कार्य का काम शुरू होगा तो भवनों के सुरक्षा का भी ध्यान रखकर काम करेंगे।