बड़ी उपलब्धि: लहसुन की छोटी गांठों ने खोली खेती में बड़ी बचत की राह, डंठल से जल्दी तैयार होगी पौध; पढ़ें खबर
वैज्ञानिकों ने लहसुन के डंठल की छोटी गांठों (बुलबिल) से पौध तैयार कर एक ही फसल चक्र में बिक्री योग्य लहसुन उगाने की विधि विकसित की है। इससे पारंपरिक तरीके की तुलना में एक फसल सीजन की बचत होगी।
विस्तार
वैज्ञानिकों ने लहसुन के डंठल की छोटी गांठों (बुलबिल) से पौध तैयार कर एक ही फसल चक्र में बिक्री योग्य लहसुन उगाने की विधि विकसित की है। इससे पारंपरिक तरीके की तुलना में एक फसल सीजन की बचत होगी। यह शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल टेक्नोलॉजी इन हॉर्टिकल्चर में प्रकाशित हुआ है।
राष्ट्रीय पादप आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राहुल देव के साथ विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा समेत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पांच संस्थानों के वैज्ञानिक इसमें शामिल रहे। अध्ययन में उत्तर-पश्चिमी हिमालय के लिए विकसित कठोर डंठल वाली हार्ड-नेक, वीएल लहसुन-2 किस्म का इस्तेमाल किया गया। वैज्ञानिकों ने बुलबिल के आकार, बुवाई से पहले उसके उपचार और पोषक तत्वों के प्रभाव का परीक्षण किया। इसमें 0.1 ग्राम से अधिक वजन वाले बुलबिल को 48 घंटे पानी में भिगोकर बोना बेहतर पाया गया। इससे जल्दी अंकुरण और स्वस्थ पौध तैयार करने में मदद मिली। नर्सरी में तैयार 90 दिन की पौध को खेत में रोपा गया। इसके बाद करीब पांच महीने में बिक्री योग्य लहसुन तैयार हो गया।
पारंपरिक बुलबिल विधि में पहले सीजन में छोटी और एक कली वाली गांठ तैयार होती है। इसे खेत से निकालकर करीब चार महीने तक सुरक्षित रखना पड़ता है। अगले सीजन में दोबारा रोपाई करने पर बिक्री योग्य लहसुन मिलता है। नई विधि में बीच के भंडारण और दूसरी बार बुवाई की जरूरत कम हो जाती है।
उपज में समानता ने जगाईं उम्मीदें
परीक्षण में बुलबिल से तैयार पौध की रोपाई करने पर प्रति हेक्टेयर 17.67 टन यानी 176.7 क्विंटल बिक्री योग्य लहसुन मिला। वहीं समान पोषक तत्व प्रबंधन के साथ कलियों से बुवाई करने पर 18.30 टन यानी 183 क्विंटल उत्पादन हुआ। इससे संकेत मिलता है कि उचित देखभाल और पोषक तत्व प्रबंधन के साथ बुलबिल से तैयार पौध भी कलियों से उगाए गए लहसुन के लगभग बराबर उपज दे सकती है। सर्वाधिक उपज वाले उपचार में प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम पोटाश के साथ निर्धारित मात्रा में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, सल्फर और 10 टन गोबर की खाद दी गई थी।
बीज की कमी दूर करने में मिल सकती है मदद
हार्ड-नेक लहसुन की पारंपरिक खेती में एक हेक्टेयर क्षेत्र के लिए करीब दो टन बीज कलियों की जरूरत पड़ती है। इसके मुकाबले एक पौधे से सैकड़ों बुलबिल मिल सकते हैं। इससे कम शुरुआती बीज सामग्री से अधिक पौध तैयार करने की संभावना है। बीज सामग्री और खेत की तैयारी पर खर्च घटने से खेती की कुल लागत करीब 50 फीसदी तक कम हो सकती है। -डॉ. राहुल देव, वरिष्ठ वैज्ञानिक, राष्ट्रीय पादप आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो