भगत के बिगड़े बोल, नेता प्रतिपक्ष बिफरीं, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर इंदिरा से मांगी माफी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मंगलवार को अपने भीमताल दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ऐसी बात कह दी कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी की ओर से माफी मांगनी पड़ गई।
इंदिरा के इस बयान पर कि कुछ भाजपा विधायक उनके संपर्क में हैं, भगत ने कहा कि भाजपा का कोई विधायक या मंत्री कांग्रेस के संपर्क में नहीं है। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि नेता प्रतिपक्ष अपने बेटे के साथ भाजपा में शामिल हो जाएं लेकिन उनके (भगत के) रहते हुए वह भाजपा में शामिल नहीं हो पाएंगी।
वायरल हुए एक वीडियो में भगत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वृद्ध नेता प्रतिपक्ष के संपर्क में अब कौन आएगा। डूबते जहाज के संपर्क में कौन आता है?
भगत के इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं आने लग गईं। मामला अभी-अभी स्वस्थ होकर लौटे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के संज्ञान में आया तो उन्होंने ट्वीट के जरिये बयान से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश की। उन्होंने ट्वीट कर भगत के बयान पर दु:ख जताया और व्यक्तिगत रूप से क्षमा मांगी।
मंगलवार को भीमताल के डीसीएफआर के सभागार में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे बंशीधर भगत ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। कहा कि लोगों को गुमराह करना कांग्रेस के डीएनए में है। इससे पहले बंशीधर भगत ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में श्री राम मंदिर निर्माण, सीएए, अनुच्छेद 370, किसान कानून, किसान सम्मान निधि, वन रैंक- वन पेंशन सहित तमाम विकास नीतियों का लाभ देशवासियों मिल रहा है।
भगत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ता हर एक बूथ को मजबूत करने के साथ लोगों की बीच जाकर संगठन को मजबूत करने का काम करें। इसी बीच जोश में वह नेता प्रतिपक्ष के लिए ऐसा कुछ कह गए जो विपक्षियों समेत उनकी पार्टी के लोगों को भी नागवार गुजरा। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा की जीत तय है। भीमताल भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश भट्ट के नेतृत्व में मंडल कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया।
यह मातृ शक्ति का अपमान है: इंदिरा
मुझे यह जानकारी मिली है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मेरे लिए अमर्यादित और अशिष्ट भाषा का प्रयोग किया है। इससे मुझे बहुत दुख और कष्ट हुआ है। किसी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष पूरी पार्टी का प्रतीक होता है और प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश अध्यक्ष अगर इस तरह की भाषा का प्रयोग करे तो यह उत्तराखंड नहीं पूरे देश में माताओं और बहनों का अपमान है। भारतीय संस्कृति का दावा करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस तरह से नारी शक्ति का अपमान किया है उसे देश, पहाड़ और उत्तराखंड की नारी बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश की सरकार, प्रधानमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसका संज्ञान लेना चाहिए और भगत से स्पष्टीकरण मांगना चाहिए। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करते हो तो अपनी भाषा सुधारो। भाषा जिनकी अशिष्ट होगी, नारियां उनके पास जाने से परहेज करेंगी। घर और बाहर की नारियां नाराज रहेंगी। इस तरह की भद्दी भाषा बोलने की अपेक्षा भाजपा नेतृत्व से नहीं करती हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मेरी मांग है कि इसे गंभीरता से लें और इसके लिए भगत से माफी मांगने को कहें।
मैं दु:खी हूं, क्षमा चाहता हूं, आपसे व्यक्तिगत बात करूंगा- सीएम
आदरणीय इंदिरा हृदयेश बहन जी, आज मैं अति दुखी हूं। महिलाएं हमारे लिए अति सम्मानित व पूज्या हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपसे व उन सभी से क्षमा चाहता हूं जो मेरी तरह दुखी हैं। मैं कल आपसे व्यक्तिगत बात करूंगा और पुन: क्षमा याचना करूंगा।
भगत की नेता प्रतिपक्ष पर टिप्पणी से कांग्रेसी बिफरे
विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा के बीच इस समय आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कुछ दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा था कि भाजपा के कुछ विधायक उनके संपर्क में हैं। इस पर भगत भी नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ तीखी टिप्पणी कर बैठे। इसी से नाराज पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की गरिमा का ध्यान रखना जरूरी है। इस टिप्पणी की निंदा की जानी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यह भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। एक तरफ मातृशक्ति को नमन करने की बात की जाती है और दूसरी तरफ इस तरह से अमर्यादित टिप्पणी की जाती हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कम से कम नेता प्रतिपक्ष के प्रोटोकॉल का ध्यान तो रखना ही चाहिए।
एआईसीसी सदस्य गरिमा दसौनी ने भी प्रेस बयान जारी कर कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने न तो नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा का ध्यान रखा, न उनके महिला होने का सम्मान किया और न ही उनके दीर्घ राजनीतिक अनुभव पर गौर किया। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए। महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि इस टिप्पणी की निंदा की जानी चाहिए।
कांग्रेसियों ने हल्द्वानी और नैनीताल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का फूंका पुतला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की ओर से नेता प्रतिपक्ष पर टिप्पणी करने से कांग्रेसियों का पारा चढ़ गया। कांग्रेसियों ने मंगलवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क और नैनीताल के पंत पार्क में भगत का पुतला फूंका और नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भगत का बयान महिलाओं के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जब तक अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह प्रिंस, त्रिलोक कठायत, सालिम सिद्दीकी, आसिफ अली, मनीष चौहान, हर्षित भट्ट, हिमांशु भट्ट, रिजवान हुसैन, प्रदीप नेगी आदि थे। दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश सचिव मयंक भट्ट ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किया है। कांग्रेस के पूर्व महासचिव खजान पांडे ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान शर्मनाक है।
पूर्व पार्षद मोहन बिष्ट के नेतृत्व में काठगोदाम में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगत का बयान महिलाओं के प्रति उनकी पार्टी की सोच को दर्शाता है। यहां प्रदीप कुमार, मनोज, प्रदीप बिष्ट, रमेश बिष्ट, पंकज कुमार, शंकुतला देवी, कमला टम्टा, गोपाल रावत आदि थे। उधर, पंत पार्क में रात साढ़े आठ बजे यूथ कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पवन जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
जाटव ने कहा कि भगत ने भीमताल में नेता प्रतिपक्ष डॉ. हृदयेश के प्रति अपमानजनक भाषण दिया है। कहा कि इस अपमानजनक भाषण को सुन भाजपाई ठहाके लगाकर हंसते रहे। पुतला फूंकने वालों में परवेज आलम, शकील, आकाश, शाहिद, नितिन, दीपक, गौरव, अफसर आदि थे।