{"_id":"59eb92c04f1c1bec538b87eb","slug":"people-are-disturbed-by-the-disappearance-of-mobile-network","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्वैराली से सलड़ी तक संचार सुविधा नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
क्वैराली से सलड़ी तक संचार सुविधा नहीं
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, भीमताल (नैनीताल)।
Updated Sun, 22 Oct 2017 12:50 AM IST
विज्ञापन
मोबाइल टॉवर
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल-रानीबाग रोड में क्वैराली से लेकर सलड़ी तक के क्षेत्र में कोई मोबाइल फोन काम नहीं करता है। ऐसे में यहां रहने वाले लोग जरूरत पड़ने पर आपात स्थिति में न तो 108 को फोन कर पाते हैं और न ही कोई हादसा होने पर पुलिस को। उक्त क्षेत्र में सड़क के आसपास कई सनसनीखेज वारदातें भी हो चुकी हैं। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से उक्त क्षेत्र में मोबाइल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
विज्ञापन
सलड़ी ग्रामसभा के क्वैराली तोक के सामाजिक कार्यकर्ता राजू बोहरा बताते हैं कि भीमताल-रानीबाग रोड में क्वैराली से लेकर सलड़ी तक लगभग चार-पांच किमी के दायरे में पिछले वर्षों के दौरान कई सनसनीखेज वारदातें हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में रोड हैड पर बीते पांच छह साल में आठ शव बरामद हो चुके हैं, जिन्हें हत्या के बाद यहां सड़क किनारे फेंका गया था।
विज्ञापन
छह माह पहले क्वैराली के पास ही सड़क किनारे एक लावारिस कार भी बरामद हुई थी। इस कार के सभी कलपुर्जों, टायरों को चोरों ने पार कर लिया। कार के अवशेष सड़क किनारे पड़े हैं। सामाजिक कार्यकर्ता बोहरा ने बताया कि पिछले वर्षों के दौरान अपराधियों के लिए भीमताल-रानीबाग रोड में क्वैराली से लेकर सलड़ी तक का क्षेत्र बेहद मुफीद रहा है।
विज्ञापन
यही नहीं कई बार इस क्षेत्र में सड़क हादसे भी होते रहते हैं। उन्होंने बताया कि उक्त क्षेत्र में किसी भी मोबाइल कंपनी के सिग्नल न होने के कारण यहां कोई मोबाइल काम नहीं करता है, जिसके कारण जरूरत पड़ने पर लोग न तो आपातकालीन वाहन को और न ही पुलिस आदि को फोन कर पाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से क्वैराली से लेकर सलड़ी तक दूरसंचार सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि स्थानीय लोगों और सैलानियों को लाभ मिल सके।