हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड महोत्सव के पहले चरण में रविवार शाम को एक दीप उत्तराखंड राज्य शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 501 दीप जलाए गए।
नैनीताल रोड हल्द्वानी स्थित कराटे पार्क में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने अमर शहीदों के नाम दीप जलाकर उन्हें याद किया। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य में कोई भी सरकार रहे, जिन सपनों को लेकर राज्य की स्थापना हुई है राज्य वासियों के उन सपनों को साकार करना सबका कर्तव्य और दायित्व है।
डॉ. हृदयेश ने कहा कि राज्य हमेशा उत्तराखंड राज्य के अमर शहीदों का ऋणी रहेगा, जिनके कारण आज हमारा राज्य का सपना साकार हुआ है। आयोजक निर्मला जोशी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद देते हुए उत्तराखंड राज्य के अमर शहीदों के सपनों के राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिज्ञा ली। सोमवार को कल दूसरे चरण में नेब स्कूल गौलापार में दिव्यांग बच्चों की गीत प्रतियोगिता हुई, जिसमें निर्णायक के रूप में प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय होंगी। इधर, कार्यक्रम में दीपक बल्यूटिया, शंभू दत्त साहिल, गायत्री दुर्गापाल, पारुल बिष्ट, रश्मि लमगड़िया, पूजा, भावना रावत आदि उपस्थित रहे।