Uttarakhand: बारिश से तीन विधानसभा क्षेत्रों की 150 किलोमीटर सड़कें उखड़ीं, यहां सबसे अधिक खराब...जानिए डिटेल
बारिश से लोनिवि की सड़कें उखड़ने लग गई हैं। आलम यह है कि छह महीने पहले बनी सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं। 10 दिन में बारिश के कारण हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में 150 किलोमीटर सड़कें खराब हो गई।
विस्तार
बारिश से लोनिवि की सड़कें उखड़ने लग गई हैं। आलम यह है कि छह महीने पहले बनी सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं। 10 दिन में बारिश के कारण हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में 150 किलोमीटर सड़कें खराब हो गई। लोनिवि को हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में करीब 1.80 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
लोक निर्माण विभाग ने नैनीताल रोड पर छह महीने पहले डामरीकरण कराया था। यह सड़क मंडी, गांधी स्कूल, अब्दुला बिल्डिंग इलाके के साथ कई जगह उखड़ गई। कालाढूंगी रोड पर भी कई जगह गड्ढे हो गए हैं। पंचायत घर से गोरापड़ाव, गन्ना सेंटर से मोटाहल्दू, हल्दूचौड़ से परमा और गुमटी से दौलिया जाने वाली सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य मार्गों के हाल सबसे अधिक खराब हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि बारिश के कारण 150 किलोमीटर सड़क खराब हुई है। जिन सड़कों की दोष दायित्व समय बचा है, उन सड़कों को ठेकेदार सही करेगा। कहा कि लोनिवि को बारिश से 1.80 करोड़ का नुकसान हुआ है।
जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कें अब तक नहीं बनी
लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने के लिए करीब 210 किलोमीटर से अधिक सड़कों को खोदा गया है। नियमानुसार सड़क खोदने के बाद ठेकेदार को इन सड़कों को सही करना था लेकिन अब तक ये सड़कें सही नहीं की गई। सड़कें सही नहीं होने के कारण बारिश में इन सड़कों पर गड्ढें हो गए हैं। गड्ढों में पानी भरने के कारण आवाजाही करने पर हादसे हो रहे हैं।
एनएचएआई की सीसी रोड पर बने गड्ढे
सात साल बाद भी काठगोदाम से लेकर रुद्रपुर तक फोरलेन हाईवे पूरा नहीं बन पाया है। करीब 10 प्रतिशत काम बचा है। बारिश के कारण एनएचएआई की गुणवत्ता सवालों पर है। सीसी रोड पर कई जगह गड्ढे होने लगे हैं। मोटाहल्दू, मोतीनगर, बेरीपड़ाव के पास सीसी रोड कई जगह से टूट गई है। बारिश से मोतीनगर, शिवपुरी कॉलोनी सहित कई जगह फुटपाथ पर लगी टाइल उखड़ गई हैं। हाल ही में गौलापार में एनएचएआई का बाइपास उखड़ गया था। उधर गौला पुल पर भी गड्ढे बन गए हैं।
छह महीने में बारिश से नगर निगम की आधा दर्जन से अधिक सड़कें उखड़ी
नगर निगम की आधा दर्जन से अधिक सड़कें एक बरसात भी नहीं झेल पाई। नगर निगम की हाल में बनी सड़क सुशीला तिवारी से लेकर देवलचौड़ चौराहे तक कई जगह से उखड़ गई। सीएमटी कॉलोनी में भी सड़क एक-दो जगह खराब हो गई। एसकेएम स्कूल को जाने वाली सड़क पर कई गड्ढे बन गए। शिवाशीष कॉलोनी डहरिया, सत्यलोक कॉलोनी को जाने वाली मुख्य सड़क, देवलचौड़ से धान मिल जाने वाली सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। एई नवल नौटियाल ने बताया कि पानी के कारण सड़क उखड़ी हैं। नई सड़कों को ठेकदार से सही कराया जाएगा। पुरानी सड़कों को अभी आरबीएम से भरा जाएगा। कहा कि बारिश के कारण नगर निगम को 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।