कुमाऊं विवि : अब छात्रों के सामने नहीं होगी असमंजस की स्थिति...खेल और परीक्षा साथ होने पर राहत देने की तैयारी
शैक्षिक सत्र के दौरान कैंप व खेल प्रतियोगिता के दौरान परीक्षाएं भी पड़ जाती हैं। इस कारण छात्रों के सामने असमंजस की स्थिति रहती है, उन्हें कॅरिअर या खेल में से किसी एक को चुनना पड़ता है। इन छात्रों की परेशानी को देखते हुए कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. डीएस रावत की पहल पर एक समिति का गठन किया गया है।
विस्तार
खेल प्रतियोगिताओं समेत विवि के कैंप में भाग लेने छात्रों के लिए राहत की खबर है। अगर खेल और अन्य गतिविधियां होने के दौरान परीक्षाएं हुईं तो कुमाऊं विवि का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों की परीक्षाएं बाद में कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय स्तर पर इसके लिए समिति का गठन किया गया है जो इस मामले में निर्णय लेगी।
बता दें कुमाऊं विवि के छात्र-छात्राएं खेल-कूद, एनसीसी व एनएसएस के कैंप व प्रतियोगिता में कुमाऊं विवि का प्रतिनिधित्व करते हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई खिलाड़ी मेडल जीतकर कुमाऊं विवि का नाम रोशन करते हैं। शैक्षिक सत्र के दौरान कैंप व खेल प्रतियोगिता के दौरान परीक्षाएं भी पड़ जाती हैं। इस कारण छात्रों के सामने असमंजस की स्थिति रहती है, उन्हें कॅरिअर या खेल में से किसी एक को चुनना पड़ता है।
इन छात्रों की परेशानी को देखते हुए कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. डीएस रावत की पहल पर एक समिति का गठन किया गया है। समिति ऐसे छात्रों का डाटा तैयार करेगी और उनसे परीक्षा के संबंध में चर्चा करेगी। परीक्षाएं और खेल गतिविधियां एकसाथ होने पर ऐसे छात्रों की परीक्षाएं बाद में कराई जाएंगी। इससे छात्रों खेल गतिविधि में प्रतिभाग करने के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रख सकेंगे।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: बारिश में चौपट हुआ मसूरी का पर्यटन व्यवसाय, 90 प्रतिशत होटल खाली, एडवांस बुकिंग भी रद्द
कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्र पढ़ाई के साथ साथ अन्य गतिविधियों जैसे एनसीसी, खेलकूद और एनएसएस कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर सकें। परीक्षा कार्यक्रम उनकी खेल गतिविधियों में बाधक न बनें, इसके लिए समिति बनाई गई है जो इन पर चर्चा करेगी।
- प्रो. डीएस रावत, कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल