Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Kharna, a 36-hour waterless fast begins; offerings (arghya) will be made to the rising sun on Monday

छठ पर्व: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, सोमवार को उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

Sun, 15 Nov 2026 12:18 PM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी, हल्द्वानी
संवाद न्यूज एजेंसी, हल्द्वानी Published by: गायत्री जोशी Updated Sun, 15 Nov 2026 12:18 PM IST
सार

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजन के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। घरों में गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर विधि-विधान से पूजा की गई।

विज्ञापन
Kharna, a 36-hour waterless fast begins; offerings (arghya) will be made to the rising sun on Monday
रामपुर रोड स्थित छठ पूजा स्थल पर दीप जलाकर पूजा करती महिलाएं। - फोटो : संवाद

विस्तार

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ खरना पूजन किया गया। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। सुबह से ही घरों में खरना के प्रसाद की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रतियों ने परंपरा के अनुसार नए चूल्हे पर शुद्ध देसी घी में गुड़ और अरवा चावल की खीर के साथ रोटियां तैयार कीं। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छठी मैया और सूर्यदेव को भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों में भी प्रसाद वितरित किया गया।

विज्ञापन

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ पर्व में खरना का विशेष महत्व है। इसे आत्मशुद्धि, संयम और कठिन तपस्या की शुरुआत माना जाता है। खरना के दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होता है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही पूरा होता है। पूर्वांचल, बिहार और झारखंड की परंपराओं से जुड़े परिवारों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह है। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

विज्ञापन


नई पीढ़ी भी निभा रही छठी मैया की परंपरा

उर्मिला यादव ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से छठ पूजा का व्रत रख रही हैं। इस पर्व को लेकर पूरे परिवार में विशेष उत्साह रहता है। उन्होंने कहा कि अब नई पीढ़ी भी छठी मैया के प्रति आस्था दिखाते हुए बढ़-चढ़कर व्रत रख रही है। खरना के दिन सुबह से ही प्रसाद बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसके बाद 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


आस्था और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए रखती हैं व्रत

माया यादव ने बताया कि वह 15 वर्षों से छठी मैया का व्रत रख रही हैं। खरना के दिन पूरी शुद्धता और परंपरा के अनुसार गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाता है। शाम को प्रसाद ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत शुरू होता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व उनके लिए केवल पूजा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और परिवार की सुख-समृद्धि से जुड़ा है। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत का पारण किया जाएगा।


घाटों पर तैयारियां पूरी

छठ पूजा सेवा समिति के सदस्य मुरारी श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ घाट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्रती परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और व्रत का पारण होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed