हल्द्वानी: कोतवाली में महिला दरोगा से अभद्रता, जेब से मोबाइल निकालने पर की गाली-गलौज; आरोपी पकड़ा
कोतवाली हल्द्वानी में तैनात महिला दरोगा से अभद्रता और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। महिला दरोगा मटर गली में हंगामे की सूचना पर पहुंची थीं, जहां आरोपी ने अभद्रता की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया है।
विस्तार
कोतवाली हल्द्वानी में तैनात महिला दरोगा से अभद्रता व गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया है। महिला दरोगा मटर गली में हंगामे की सूचना पर पहुंची थीं जहां आरोपी ने अभद्रता की थी।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर डायल 112 के माध्यम से मटर गली में एक व्यक्ति के हंगामा करने की सूचना मिली थी। आरोपी व्यापारियों से गाली-गलौज करते हुए झगड़ा कर रहा था। सूचना पर महिला दरोगा और दो सिपाही मौके पर पहुंचे। तब आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। जब महिला दरोगा ने आरोपी की जेब से मोबाइल निकाला तब उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई। यहां भी आरोपी ने महिला दरोगा को धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारा चेहरा देख लिया है मैंने अब मुख्यमंत्री से शिकायत करूंगा।
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नशे में होने की बात सामने आई है।