सड़क खोदने पर कराएं मुकदमा : वित्तमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोक निर्माण विभाग की अनुमति के बगैर सड़कों की कटिंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जल संस्थान, जलनिगम, दूरसंचार विभाग को भी अपनी लाइन बिछाने के लिए सड़कों की कटिंग करने से पहले लोनिवि से अनिवार्य रूप से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होगा।
वित्तमंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से सड़कें बनाई जा रही हैं। आम उपभोक्ता तो दूर कुछ विभाग सड़कों की कटिंग करा रहे हैं। लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत भी नहीं की जा रही है।
इससे सड़क उधड़ रही है और सरकारी धन की भी बरबादी हो रही है। अमर उजाला सड़कों की कटिंग की खबरों को लगातार छाप रहा है। डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सड़कों की कटिंग के लिए लोनिवि से अनापत्ति ली जाए। बगैर अनापत्ति प्रमाण पत्र के सड़क खोदने पर मुकदमा दर्ज कराया जाए।
अधिशासी अभियंता लोनिवि रणजीत सिंह से कहा कि पंत पार्क का निर्माण पंत जयंती से पहले पूरा कर लिया जाए। डीएफओ डा. पराग मधुकर धकाते से कहा कि तिकोनिया चौराहे पर आकर्षक रंग-बिरंगी लाइट युक्त फव्वारे लगाए जाएं। अधिशासी अभियंता जल संस्थान संतोष उपाध्याय से कहा कि चोक पड़े चैंबरों को तत्काल खोला जाए।
इसके लिए विधायक निधि से तीन लाख की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। जल संस्थान से रामलीला मोहल्ले में तत्काल पेयजल पाइप लाइन को बदलने का आगणन पेश करने के भी निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता नलकूप खगेंद्र कुमार से कहा कि वह तिकोनिया, बरेली रोड पर बनने वाले तीन नलकूपों की भूमि के चयन का कार्य सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के साथ मिलकर कराएं। बरेली रोड पर दो नए नलकूप बनाए जाने हैं। नलकूप एडीबी द्वारा बनाए जाएंगे।