{"_id":"ae5cce80dfee446cc7e4b2c2c8075c4e","slug":"forced-shops-schools-and-colleges-closed-made-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जबरन दुकानें, स्कूल व कालेज बंद कराए ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जबरन दुकानें, स्कूल व कालेज बंद कराए
ब्यूरो/अमर उजाला, भीमताल(नैनीताल)।
Updated Sun, 05 Jul 2015 01:33 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विकास खंड के तोक बेरीजाला निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री दीपा जोशी (24) के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह बाइक सवार कुछ युवकों ने जबरन दुकानें बंद कराने के साथ कई स्कूल और कालेज भी बंद करा दिए।
विज्ञापन
दूसरी ओर हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों समेत विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं और लोगों ने तिकोनिया में प्रदर्शन कर थाने का घेराव किया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हत्याकांड के दो दिन बाद भी डीएम मौके पर नहीं पहुंचे। डीएम के आने के बाद ही वे धरना खत्म करेंगे। एडीएम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाना चाहा लेकिन वे नहीं माने।
विज्ञापन
बाद में एसएसपी ने अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी तब महिलाओं ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह बाइक युवकों ने नारेबाजी करते हुए मल्लीताल और डांठ में दुकानें बंद करा दीं।
मल्लीताल और डांठ में दुकानें बंद होने की सूचना मिलते ही तल्लीताल में भी अधिकांश दुकानें बंद हो गई। आरोप है कि इन युवकों ने केंद्रीय विद्यालय और जीजीआईसी बंद कराने के दौरान अभद्रता भी की और बाद में नगर पंचायत के एक मनोनीत सभासद से भी उनकी झड़प हुई।
उधर विकास खंड के विभिन्न क्षेत्रों से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और स्वयं सेवी संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने मल्लीताल तिकोनिया में धरना दिया । पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने महिला उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने दोहराया कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होंगे तब तक न तो वे टेक होम राशन बांटेंगी और न ही आंगनबाड़ी केंद्र खोलेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभागों के कार्यों का भी बहिष्कार का ऐलान किया।
दो दिन बीतने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर महिलाओं ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी दीपक रावत को धरना स्थल पर बुलाने की मांग की।
उनका कहना था कि हत्याकांड के दो दिन बीतने के बाद भी डीएम ने क्षेत्र में पहुंचना उचित नहीं समझा है। दिन भर धरना स्थल पर दीपा हम शर्मिंदा हैं-तेरे कातिल जिंदा है, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, महिला शक्ति जिंदाबाद, हत्यारों को फांसी दो नारे गूंजते रहे।
डीएम को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने दुपहर में जुलूस निकालकर थाने की ओर कूच किया और थाने का घेराव किया। इस दौरान एसपी सिटी यशवंत सिंह और सीओ बचन सिंह राणा ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने।
बाद में वे वापस तिकोनिया में धरने पर बैठ गए। विधायक दान सिंह भंडारी समेत कई लोगों ने जिलाधिकारी को फोन मिलाया लेकिन जिलाधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में एडीएम उदयवीर सिंह राणा ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा लेकिन प्रदर्शनकारी धरने पर डटे रहे।
नैनीताल की विधायक सरिता आर्या, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राम सिंह कैड़ा भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसी बीच एसएसपी सेंथिल अबुदई मौके पर पहुंचे। उन्होेंने प्रदर्शनकारियों को अब तक की जांच की जानकारी दी।
भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसएसपी के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं धरने से उठ गई।
प्रदर्शनकारियों में आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगठन की प्रदेश अध्यक्ष आनंदी आर्या, प्रदेश सचिव प्रेमा बिष्ट, पुष्पा रावत, आशा रावत,जानकी आर्या, प्रयास संस्था की सुनीता शाही, सैणियों के संगठन की चंपा उपाध्याय, खष्टी बिष्ट समेत विधायक दान सिंह भंडारी, ब्लाक प्रमुख कृपाल रावत, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राम सिंह कैड़ा, चेयरमैन राजेश नेगी, राकेश ब्रजवासी, अनिल चनौतिया समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।