फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Committee members came face to face at the Ramlila ground in Sheeshmahal Haldwani

हल्द्वानी: हनुमान चालीसा के पाठ पर रामलीला मैदान में महाभारत, आमने-सामने आए समिति के लोग; पुलिस बल तैनात

Tue, 25 Aug 2026 10:53 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी Published by: Heera Updated Tue, 25 Aug 2026 10:53 PM IST
सार

हल्द्वानी के शीशमहल स्थित रामलीला समिति के मैदान पर मंगलवार को हनुमान चालीसा पाठ को लेकर समिति के दो पक्षों में जमकर तनातनी हुई। एक पक्ष ने गेट पर ताला लगा दिया, तो दूसरे ने ताला तोड़कर पाठ कराया, जिससे करीब दो घंटे हंगामा रहा। 

विज्ञापन
Committee members came face to face at the Ramlila ground in Sheeshmahal Haldwani
हल्द्वानी, शीशमहल रामलीला मैदान में हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर हुआ हंगामा लोगों को समझाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हल्द्वानी शहर के शीशमहल स्थित युवा सामाजिक एवं सांस्कृतिक रामलीला समिति के मैदान पर मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराने के लिए समिति के ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। समिति ने मैदान के गेट पर ताला लगा दिया। समिति का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने ताला तोड़कर मैदान पर चालीसा का पाठ कराया। करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा और दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल रहा। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ ही प्रशासन और नगर निगम की टीम शीशमहल पहुंची। पुलिस मुस्तैदी के बीच दोनों पक्षों ने अलग-अलग हनुमान चालीसा का पाठ किया। सभी के लौटने पर पुलिस फोर्स को हटाया गया।

विज्ञापन

मंगलवार को समिति सदस्य पंकज खत्री करीब 50 श्रद्धालुओं के साथ रामलीला मैदान पर हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे। मैदान के गेट पर समिति ने ताला लगा रखा था। पहले उन्होंने ताला खोलने के लिए कहा लेकिन समिति ने यह कहते हुए मना कर दिया कि हनुमान चालीसा का पाठ समिति कराएगी और उन्हें उसमें ही शामिल होना होगा। देखते ही देखते रामलीला मैदान महाभारत के संग्राम स्थल में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच खींचतान और तनातनी का माहौल बन गया। गेट का ताला टूटने के बाद पंकज खत्री अंदर पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। मैदान के दूसरी तरफ समिति की ओर से भी चालीसा पाठ कराया गया।

विज्ञापन

 

खत्री को किया जाएगा समिति से निष्कासित : तिवारी
रामलीला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि मनोज खत्री करीब पांच वर्षों से मैदान पर हर मंगलवार को समिति के खर्च पर हनुमान चालीसा का आयोजन कराते आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने न तो कभी खर्च का हिसाब दिया और ना ही समिति की कोई बात मानी। इस वर्ष समिति ने हनुमान चालीसा का पाठ खुद आयोजित करने की योजना बनाई। इस पर पंकज खत्री ने समिति के साथ शामिल होने से इन्कार कर दिया। अलग से आयोजन की समिति की अनुमति भी नहीं ली गई। मंगलवार को मैदान का गेट बंद होने पर जबरन ताला तोड़कर बलपूर्वक मैदान में घुसे और पाठ कराया। अब सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने खत्री को समिति से निष्कासित करने का फैसला लिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

हमेशा की तरह मैं ही कराऊंगा आयोजन : खत्री
पंकज खत्री ने कहा कि वह कई वर्षों से धार्मिक आयोजन करा रहे हैं। समिति को नगर निगम ने इस मैदान की देखरेख का जिम्मा सौंपा है। समिति इसकी आड़ में व्यावसायिक गतिविधियां कर रही है। मैदान गेट का ताला उन्होंने नहीं तोड़ा बल्कि नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मौजूदगी में ताला खुलवाया गया है। कहा कि उनके पास नगर निगम की तरफ से धार्मिक आयोजन की अनुमति है और वह हमेशा की तरह आगे भी प्रत्येक मंगलवार को धार्मिक आयोजन कराएंगे। खत्री छात्रसंघ के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

 

पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही काठगोदाम और हल्द्वानी कोतवाली से फोर्स को मौके पर भेजा गया। जमकर हंगामा और खींचतान के बीच पुलिसकर्मियों ने भीड़ में घुसकर पहले दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद दोनों पक्षों की बात सुनते हुए बातचीत का सिलसिला शुरू किया। हालांकि करीब एक घंटे तक भी मामला शांत नहीं हुआ तो अतिरिक्त फोर्स को बुलाया गया। कुछ देर बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी तरफ से अलग चालीसा पाठ कराने की बात पर शांत हुए। हनुमान चालीसा का पाठ होने तक करीब 40-50 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।

हंगामे की सूचना पर पुलिस फोर्स को भेजा गया था। शांति व कानून व्यवस्था बनी रहे इसके लिए फोर्स को कार्यक्रम स्थल पर आयोजन समाप्ति तक तैनात रखा गया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया। - मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी

ताला पूर्व से नहीं लगा था, आज ही लगाया गया था। विवाद की स्थिति को देखते हुए और कानून व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व की स्थिति को बहाल किया गया। - एपी वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट

पंकज खत्री की तरफ से शिकायत दी गई है। मामले में पूर्व से विवाद चल रहा है। शिकायत के आधार पर दस्तावेज का अवलोकन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पारितोष वर्मा, नगर आयुक्त

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed