Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   CM Pushkar Singh Dhami said Uttarakhand's progress is not possible without the contribution of women

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा- उत्तराखंड की प्रगति महिलाओं के योगदान के बिना संभव नहीं

Mon, 16 Nov 2026 11:04 AM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी Published by: Heera Updated Mon, 16 Nov 2026 11:04 AM IST
सार

कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति के संघर्ष, परिश्रम और योगदान के बिना प्रदेश की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती। 

विज्ञापन
CM Pushkar Singh Dhami said Uttarakhand's progress is not possible without the contribution of women
हल्द्वानी, कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में बोलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान कालाढूंगी के मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति के संघर्ष, परिश्रम और योगदान के बिना प्रदेश की प्रगति की कल्पना भी नहीं की जा सकती। महिलाओं का सम्मान केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि उन्हें समान अवसर, निर्णय लेने का अधिकार, नेतृत्व की भूमिका और आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलनी चाहिए।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी न रहें बल्कि देश की दिशा तय करने में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं। उन्होंने 2014 से पहले की स्थिति का जिक्र किया जब महिलाओं के नाम पर राजनीति तो हुई पर उनके जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। धामी ने स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी केंद्रीय योजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताया।

विज्ञापन

महिलाओं का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से अपनी मां को सीमित संसाधनों में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। पहाड़ की महिलाएं सुबह सूरज निकलने से पहले ही अपने दिन की शुरुआत कर देती हैं। घर-परिवार संभालने के साथ बच्चों की देखभाल, पशुओं के लिए चारा, खेतों में काम और जंगल से लकड़ी व घास लाने जैसी जिम्मेदारियां निभाती हैं। उन्होंने कहा कि अपनी मां को संघर्षों के बीच परिवार को संभालते और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते देखा है। वह अपनी मां को ही अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

सरकारी की उपलिब्धयां गिनाईं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 फीसदी क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया है। सहकारी समितियों में भी महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया गया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खाते में दो किस्तों में पैसे डाले जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। इन समूहों को मजबूती देने के लिए आठ हजार से अधिक ग्राम संगठन और छह सौ से अधिक क्लस्टर स्तरीय संघ भी काम कर रहे हैं।

 

सशक्त बहना उत्सव से लेकर स्वरोजगार योजना तक का जिक्र
सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिलाओं को नए अवसर दिए जा रहे हैं। सरकार चाहती है कि महिलाएं अपने उत्पाद तैयार करें, उन्हें बाजार तक पहुंचाएं और अपनी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त करें। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में शुरू की गई मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का जिक्र किया। यह उन महिलाओं के लिए है जो अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में लगभग 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रदेश में 12 हजार से अधिक महिलाएं बैंक, कृषि, पशुपालन और ऑनलाइन भुगतान जैसी सामुदायिक सेवाओं में काम कर रही हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत कर स्थानीय उत्पादों को पहचान, बेहतर पैकेजिंग और बड़ा बाजार देने की कोशिश की गई है। इससे लगभग 5,500 महिलाएं सीधे तौर पर जुड़ी हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।

ड्रोन दीदी से स्टार्टअप संचालक तक, हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। कोई ड्रोन दीदी बनकर आधुनिक तकनीक के माध्यम से काम कर रही है तो कोई सीमा पर देश की सुरक्षा में योगदान दे रही है। कोई अपना स्टार्टअप संचालित कर रोजगार उपलब्ध करा रही है तो कोई ग्राम पंचायत का नेतृत्व कर गांव की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बेटियों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने समान नागरिक संहिता को महिलाओं के समान नागरिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इसे राज्य की 50 प्रतिशत महिला आबादी के लिए शत-प्रतिशत सुरक्षा के कानून के रूप में देखा जा सकता है।

अंकिता भंडारी प्रकरण : न्याय की प्रक्रिया में सामने आना चाहिए हर सच
कालाढूंगी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी और हमारी बहन थी। उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है और उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिकाएं भी खारिज की हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि एसआईटी ने निष्पक्षता से जांच की और दोषियों को सजा मिली। परिवार की भावनाओं और मांग का सम्मान करते हुए सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश भी की है। सरकार का रुख स्पष्ट है कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

विपक्ष पर महिलाओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग महिलाओं के नाम पर केवल राजनीति करते हैं।उन्होंने कहा कि किसी बेटी के दुखद मामले को राजनीतिक लाभ का जरिया बनाना उचित नहीं है। सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र का अधिकार है लेकिन सवाल तथ्यों के आधार पर होने चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया के साथ पीड़ित परिवार की गरिमा का सम्मान भी जरूरी है।

एसआईआर और घुसपैठियों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों के मतदाता सूची में नाम होने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भी तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस, न्यायालय और जांच एजेंसियों पर सभी को भरोसा रखना चाहिए।

 

इन्हें किया सम्मानित
महिला शक्ति सम्मान समारोह में एशियाई मास्टर तैराकी में संतोषी गुर्रानी, नमीता पाठक, निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय (तैराकी) में मोनी रावत, नेशनल मास्टर (एथलेटिक्स) में चंपा नैनवाल, टीचर (हेड) प्राथमिक में ममता गुप्ता, राष्ट्रीय खिलाड़ी में (कुश्ती, जूडो) गीतांजलि, राष्ट्रीय खिलाड़ी (खो-खो एथलेटिक्स) में हिना बिष्ट व नमिता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (तैराकी) में भार्गवी रावत, राष्ट्रीय खिलाड़ी (कुश्ती) में डौली बिष्ट, नेशनल गेम्स में (ताइक्वांडो) भूमिका जंतवाल को सम्मानित किया गया। नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, पदमा बोहरा (मशरूम उत्पादन) के लिए उद्यान विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने कंचन भंडारी, जिला उद्योग विभाग ने मंजू रौतेला (ऐपण कला), कृषि विभाग ने सावित्री गर्जाेला, वन विभाग की तरफ से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा, रूपा को और क्रीड़ा अधिकारी ने संतोषी गुरुरानी को एशिया (मास्टर तैराकी) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed