घटगढ़ बस हादसा: सड़क हादसे पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सामने आई हादसे की वजह
नैनीताल के घटगढ़ में हुए स्कूल बस हादसे में सात लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर रविवार को नलनी गांव के पास घटगढ़ में हुए स्कूल बस हादसे में सात लोगों की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि, आठ अक्तूबर की रात को नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर नलनी क्षेत्र में घटगढ़ के पास हिसार पर्यटकों की बस खाई में गिर गई थी। हादसे में सात लोगों की मौत और 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल व स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही
तेज गति के कारण हादसा होने की पुष्टि हुई है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि मंगोली चौकी इंचार्ज धमेंद्र कुमार की तहरीर पर मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- Haldwani: ट्रांसपोर्ट नगर में दो दिन में कब्जा हटाने का अल्टीमेटम, डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र करने का काम शुरू
नौ और घायल हुए डिस्चार्ज
मेडिकल कॉलेज के अधीन सुशीला तिवारी अस्पताल में घटगढ़ बस हादसे के शिकार नौ घायल मंगलवार को डिस्चार्ज किए गए। अस्पताल में चार घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि गंभीर मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। एक घायल के सिर में चोट लगी है, जबकि दूसरे की पसली टूटी है। उसे सांस लेने में दिक्कत आ रही है। डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है। माई सिटी रिपोर्टर