जिंदा हो या मुर्दा: बनभूलपुरा के कब्रिस्तान में दफन की थी गारंटी, पिता-पुत्र बनवा देते थे मृत्यु प्रमाणपत्र
जिंदा या मुर्दा व्यक्ति को बनभूलपुरा के कब्रिस्तान में दफन दिखाकर निगम से उनका मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा देने वाले पिता-पुत्र का खेल खुल गया। इन दोनों के खिलाफ जेल से जमानत पर छूटा अफजाल अली अपना डेथ सर्टिफिकेट लेकर पहुंचा और मुकदमा दर्ज कराया।
विस्तार
किसी भी जिंदा या मुर्दा व्यक्ति को बनभूलपुरा के कब्रिस्तान में दफन दिखाकर नगर निगम से उनका मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा देने वाले पिता-पुत्र का खेल खुल गया। कब्रिस्तान कमेटी में शामिल इन दोनों के खिलाफ जेल से जमानत पर छूटा अफजाल अली अपना डेथ सर्टिफिकेट लेकर पहुंचा और मुकदमा दर्ज कराया। पता चला कि उन दोनों ने दिल्ली और बरेली में मरे दो लोगों के इसी तरह यहां के सर्टिफिकेट बनवा दिए थे।
ये पढ़ें- फिर चर्चा में मेयर का भाषण: नाले पर हुए अतिक्रमण को लेकर गरजे गजराज, कहा- मकान टूटेगा या नाला साफ होगा
केस एक: मूलरूप से बिजनौर का रहने वाला अफजाल अली बनभूलपुरा की लाइन नंबर 12 में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है। वर्ष 2012 में बनभूलपुरा में हुई एक हत्या के मामले में वह नामजद हुआ और चार्जशीट दाखिल होने के बाद कोर्ट में मुकदमा चला। इसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई। कुछ माह पहले वह जेल से जमानत पर बाहर आया। इसी बीच में यह खेल हुआ। अफजाल ने बताया कि उसकी मां से कब्रिस्तान कमेटी में शामिल इकबाल अंसारी और उसका पुत्र तनवीर उर्फ सादिक मिले। उन्होंने पैसे लेकर उसे मृत बताते हुए कब्रिस्तान में दफनाने का कागज जारी कर दिया। इसी कागज के आधार पर निगम से उसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया गया।
केस दो: अफजाल के पिता का भी यहां से बना था मृत्यु प्रमाण पत्र
बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि अफजाल के पिता सैय्यद शाने अली का निधन कुछ वर्ष पूर्व बरेली में हो गया था। उन्हें बरेली में ही दफनाया गया था। बाद में कब्रिस्तान कमेटी ने सैय्यद शाने अली को बनभूलपुरा में दफनाने का कागज जारी कर दिया और इसी आधार पर उनका मृत्यु प्रमाण पत्र हल्द्वानी नगर निगम से बन गया।
केस तीन: पूर्व पार्षद के बेटे की मौत दिल्ली में हुई और मृत्यु प्रमाण पत्र हल्द्वानी से जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र के पूर्व पार्षद सबूर कबाड़ी के बेटे की मौत काफी पहले दिल्ली में एक सड़क हादसे में हो गई थी। उसे दिल्ली में ही दफनाया गया था। कब्रिस्तान कमेटी में शामिल पिता पुत्र ने उसे भी बनभूलपुरा के कब्रिस्तान में दफनाने का कागज जारी कर दिया। इसी आधार पर नगर निगम ने मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया।
10 से 15 हजार लेते थे कागज देने के लिए
थाना प्रभारी ने बताया कि कागज जारी करने के लिए कब्रिस्तान कमेटी में शामिल पिता पुत्र पैसे भी लेते थे। किसी से दस हजार तो किसी से 15 हजार रुपये। अफजाल की मां से 15 हजार रुपये लेकर उसे अफजाल को मृत बताकर दफनाने का कागज जारी किया था।
जिंदा लोगों को कब्रिस्तान में दफनाने का कागज देने वाले पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के कब्रिस्तान कमेटी का गोरखधंधा सामने आया है। सिस्टम पर भी सवाल उठे हैं। रुपयों के लालच में कब्रिस्तान कमेटी में शामिल पिता पुत्र ने जिंदा लोगों को दफनाने का कागज मोहर व हस्ताक्षर कर जारी कर दिया। नगर निगम ने भी इनके मृत्यु प्रमाण बना दिए। शिकायतों के बाद मामला खुला तो पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के लाईन नंबर 12 गांधी नगर निवासी अफजाल अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कब्रिस्तान कमेटी में शामिल दो लोग बड़े पैमाने पर जिंदा लोगों को कब्रिस्तान में दफनाने का कागज जारी कर रहे हैं। दोनों पिता पुत्र हैं और यह गोरखधंधा काफी समय से जारी है। तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच की तो शिकायतें सही मिल गईं। तीन लोग ऐसे मिले जो जिंदा हैं और उनको बनभूलपुरा के कब्रिस्तान में दफनाने का कागज जारी हुआ है। इसी कागज के आधार पर नगर निगम के रजिस्ट्रार, जन्म मृत्यु ने भी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया था। थानाध्यक्ष बनभूलपुरा नीरज भाकुनी ने बताया कि तहरीर देने वाले अफजाल अली का भी मृत्यु प्रमाण पत्र बना है। ऐसे में अफजाल की ही तहरीर पर कब्रिस्तान कमेटी बनभूलपुरा के तनवीर उर्फ सादिक और उसके पिता इकबाल अंसारी के खिलाफ धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति का वितरण करने, धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़े सामने आ रहे हैं। फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र एवं फर्जी रजिस्ट्री के मामलों को लेकर पुलिस, संबंधित विभाग के साथ मिलकर जांच कर रही है। बनभूलपुरा में भी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र का मामला सामने आया। इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। -प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी