रामनगर (नैनीताल)। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने ढिकुली के एक निर्माणाधीन रिजॉर्ट में छापा मारा। इस दौरान निर्माणाधीन रिजॉर्ट के अभिलेखों का सत्यापन, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और बोरिंग की अनुमति के संबंध में जांच की गई।
ग्राम ढिकुली स्थित निर्माणाधीन रिजॉर्ट में आवागमन के लिए सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर ही भूमि को चिह्नित कर होटल स्वामी को उसे खाली करने के निर्देश दिए। होटल स्वामी की ओर से बोरिंग की अनुमति टीम को दिखाई गई। एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि इस संबंध में ग्राम छोई और ढिकुली से लगातार शिकायतें मिलने पर तहसीलदार और नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच समितियां बना दी गई हैं जो शीघ्र ही रिजॉर्ट का सर्वे कर अपनी रिपोर्ट देेंगी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा, सर्वे कानूनगो अखिलेश श्रीवास्तव, राजस्व उपनिरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल, आशुतोष चंद्र, रणवीर चौहान, सर्वे लेखपाल विद्या रतन और वन दरोगा मंजू बहुगुणा मौजूद रहे।