हल्द्वानी। शहर के व्यस्ततम चौराहे सिंधी चौक पर दिनदहाड़े करीब 12:35 बजे पुलिस की मौजूदगी के बीच युवा सेना से जुड़े दो भाइयों ने प्रापर्टी डीलर और व्यवसायी भूपेंद्र चंद्र पांडे उर्फ भुप्पी को गोलियों से भून डाला। भुप्पी के साथी दिनेश उर्फ रोहित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ताबड़तोड़ फायरिंग से चौराहे पर भगदड़ मचने पर एक हत्यारोपी फरार हो गया, जबकि दूसरे को ट्रैफिक पुलिस ने दबोच लिया।
व्यवसायी की हत्या से आक्रोशित लोगों ने कोतवाल पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और उसे निलंबित करने की मांग को लेकर चार घंटे तक हाईवे जाम किया। देर शाम बाजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर शिव सेना का झंडा लगी कार से एक हत्यारोपी के परिजनों को हिरासत में ले लिया, जबकि हत्यारोपी भाग निकला। हत्याकांड जमीन के पांच लाख रुपये की देनदारी की रंजिश में अंजाम दिया गया।