नैनीताल में सैलानियों का सैलाब: 70 फीसदी होटल पैक, व्यवसायियों के चेहरे खिले
मौसम के बदलते मिजाज और लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल में पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। आगामी तीन दिनों के लिए शहर के 60 से 70 फीसदी होटल फुल हो चुके हैं। मल्लीताल, तल्लीताल और मॉलरोड स्थित कई होटल पैक हैं।
विस्तार
मौसम के बदलते मिजाज और लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल में पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। आगामी तीन दिनों के लिए नैनीताल के होटल 60 से 70 फीसदी तक फुल हो चुके हैं। मल्लीताल, तल्लीताल और मॉलरोड स्थित कई होटल पैक हो चुके हैं।
होटल व्यवसायी राज कुमार गुप्ता ने कहा कि इस बार मानसून के बाद मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और पंजाब से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल का रुख कर रहे हैं। आने वाले तीन दिनों के लिए हमारे पास एडवांस बुकिंग आ चुकी है जो स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद शुभ संकेत है।
युवा व्यवसायी अमन कुमार ने बताया कि सप्ताहांत पर नैनीताल आने वाले पर्यटकों में इस बार एडवांस बुकिंग का क्रेज ज्यादा दिख रहा है।
सैलानियों ने पैराशूट से भरी उड़ान
भीमताल में पैराग्लाइडिंग का संचालन शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को सैलानियों ने पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा ने बताया कि वर्तमान में भीमताल में तीन क्लस्टरों के माध्यम से 11 ऑपरेटरों की ओर से इसका संचालन किया जा रहा है। पैराग्लाइडिंग संचालक अंशुल जोशी ने बताया कि बारिश के मौसम में पैराग्लाइडिंग बंद थी। ढाई महीने बाद एक बार फिर से पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
पहले दिन से ही फुल रहे फाटो और हाथीडगर जोन
तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो और हाथीडगर पर्यटन जोन को बृहस्पतिवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर दोनों जोनों का शुभारंभ किया। पहले दिन दोनों जोन में सुबह और शाम की पालियों में बुकिंग फुल रही। मानसून सीजन में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने फाटो और हाथीडगर जोन को बंद कर दिया था। बरसात खत्म होने के बाद एक अक्तूबर से दोनों जोन को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है।
एसडीओ संदीप गिरि ने बताया कि फाटो में एक पाली में 50 व हाथीडगर जोन में 25 जिप्सियों की बुकिंग की जाती है। उन्होंने बताया कि पहले दिन फाटो और हाथीडगर जोन में सुबह और शाम दोनों पालियों में 150 जिप्सियों में पर्यटकों ने जंगल सफारी की। पांच जिप्सियों से पर्यटक रात्रि विश्राम के लिए फाटो जोन पहुंचे।