जंगल से निकलकर बाघ ने बाइक सवार पर किया हमला, हेलमेट ने ऐसे बचाई जान
कालागढ़ टाइगर रिजर्व (केटीआर) के अंतर्गत एक बाघ ने शनिवार शाम को दुगड्डा-नैनीडांडा मार्ग पर सेंधीखाल के पास एक बाइक सवार पर छलांग लगा दी। गनीमत यह रही कि बाइक सवार ने हेलमेट पहना हुआ था और वह सड़क पर नहीं गिरा, नहीं तो अनहोनी हो सकती थी।
बाइक सवार पर हमले की खबर फैलते ही सेंधीखाल और उससे सटे ग्रामीण क्षेत्रों में बाघ की दहशत बनी हुई है। शनिवार को शाम चार बजे करीब सिलवाड़ गांव (ढौंटियाल) निवासी कुलदीप सिंह पुत्र स्व. मेहरबान सिंह अपनी बाइक से कोटद्वार आ रहा था।
सेंधीखाल से करीब दो किमी. आगे कार्बेट गेट के पास अचानक घात लगाकर जंगल के किनारे बैठे बाघ ने बाइक पर छलांग लगा दी। बाइक चालक की सूजबूझ के चलते टाइगर उसे सिर के ऊपर से छूते हुए पार हो गया।
टाइगर को देखकर बाइक चालक घबरा गया। इससे पहले की टाइगर उसपर दूसरा हमला करता उसने बाइक की स्पीड बड़ा दी और दुगड्डा पहुंचकर दम लिया। दुगड्डा में उसने घटना की जानकारी वन कर्मियों को दी। सूचना पर दुगड्डा में वन अधिकारियों का जमावड़ा लग गया। वन अधिकारियों ने पूरी घटना की जानकारी ली और बाइक पर लगे टाइगर के बालों के सैंपल भरे।
उधर, कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग के एसडीओ एलआर नाग ने बताया कि सेंधीखाल के पास युवक पर टाइगर के हमले की जानकारी मिली है। बाइक पर लगे बाल को सैंपल के रूप में ले लिया गया है। बाघ के हमले की जांच की जा रही है, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।