ज्वालापुर के कस्साबान समेत कई क्षेत्रों में नलों से गंदा पानी आने पर गुस्साए क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान के कार्यालय पहुंचकर अपर सहायक अभियंता का घेराव कर समस्या दूर करने की मांग की। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।
शुक्रवार को पार्षद सुहेल अख्तर के नेतृत्व में स्थानीय निवासी पहुंचे। सुहेल अख्तर ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। बताए जाने के बाद भी समस्याओं को दूर नहीं किया जा रहा है। काफी समय से कस्साबान, शास्त्रीनगर, कड़च्छ, हज्जवान, चाकलान आदि क्षेत्र में नलों से गंदा पानी आने की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया। पुनीत कुमार व सुनील कड़च्छ ने कहा कि जल संस्थान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है। नलों में गंदा पानी आने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उपनगरी ज्वालापुर के कई वार्डों में पानी की पाइप लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि विकास के दावे तो करते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं को हल करने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में इसरार, सैफ अली, आहद, सनव्वर, राशिद, सलमान, शोहेब, आकिब, राशिद अली, मेहराज आदि शामिल रहे। अपर सहायक अभियंता परवेज आलम ने समस्या का जल्द समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। विभिन्न योजनाओं के चलते हो रही खुदाई के कारण समय लग रहा है।