महिला होमगार्ड को कार में बैठाकर गलत व्यवहार करने के आरोप में घिरे कोतवाली ज्वालापुर के एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल पर जल्द ही विभागीय चाबुक चल सकती है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय जांच को फाइनल टच देने की तैयारी में है। इधर, पुलिस महकमे में इस पूरे प्रकरण को लेकर तरह तरह की चर्चा बनी हुई है।
एक महिला होमगार्ड ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत कोतवाली प्रभारी योगेश देव से लिखित तौर पर करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। आरोप था कि वह उसे बाकायदा फोन करके एक कांस्टेबल ने बुलाया कि जरूरी डाक लेकर उसे जाना है। इसलिए वह तुरंत पुल जटवाड़ा पर आ जाए। आरोप था कि पुल जटवाड़ा पर कांस्टेबल के साथ मौजूद हेड कांस्टेबल ने उसे कार में बैठा लिया। कार में बैठाते ही हेड कांस्टेबल और7 कांस्टेबल ने उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। आरोप है कि विरोध करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। कोतवाली प्रभारी ने पूरे प्रकरण से एसएसपी को अवगत कराया था, तब इस मामले की जांच एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय को सौंप दी गई थी। एसपी सिटी की जांच जल्द पूरी हो सकती है। शिकायतकर्ता होमगार्ड के बयान भी दर्ज हो चुके हैं। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही इस मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी जाएगी।