Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Fraud with land buyers in Nainital district

उत्तराखंड: जमीन खरीदने से पहले सावधान...नैनीताल जिले में फर्जीवाड़े का मकड़जाल, खरीदार हो रहे ठगी का शिकार

Wed, 25 Nov 2026 11:35 AM IST
Heera चंद्रेश पांडे
चंद्रेश पांडे Published by: Heera Updated Wed, 25 Nov 2026 11:35 AM IST
सार

नैनीताल में जमीन धोखाधड़ी का जाल फैल रहा है। एक भूखंड के कई बैनामे और बंधक जमीन का सौदा कर फर्जी दस्तावेजों से खरीदारों की जमा-पूंजी हड़पी जा रही है।

विज्ञापन
Fraud with land buyers in Nainital district
अपराध - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

नैनीताल जिले में जमीन के कारोबार में भरोसे की बुनियाद हिल रही रही है और धोखाधड़ी का मकड़जाल फैलता जा रहा है। कहीं एक ही भूखंड के कई बैनामे कर खरीदारों को ठगा जा रहा है तो कहीं बैंक में बंधक जमीन का ही सौदा कर दिया जा रहा है। आशियाने का सपना दिखाकर लोगों की जीवनभर की जमा-पूंजी पर फर्जी दस्तावेज के सहारे जालसाज हाथ साफ कर रहे हैं। जमीन खरीदते समय मालिकाना हक का भरोसा दिलाया जाता है लेकिन दाखिल-खारिज और कब्जे की बारी आते ही फर्जीवाड़े की परतें खुलने लगती हैं। जमीन खरीदने से पहले राजस्व रिकॉर्ड, स्वामित्व और उस पर चल रहे विवादों की ठीक से जांच नहीं कराने पर खरीदार धोखाधड़ी के शिकार हो रहे हैं

विज्ञापन

77 में से 30 में हुए थे प्राथमिकी दर्ज के निर्देश
इसी साल जून में सर्किट हाउस काठगोदाम में आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक हुई थी। बैठक में कुमाऊंभर के भूमि धोखाधड़ी से जुड़े 77 मामलों की समीक्षा की गई थी। इनमें 30 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति हुई थी। इसमें नैनीताल जिले के ही 17 मामले शामिल थे।

विज्ञापन

 

हर दिन दस से अधिक शिकायतें दर्ज
कुमाऊं के सबसे बड़े कारोबारी शहर हल्द्वानी में हर दिन जमीन धोखाधड़ी से संबंधित औसतन दस से अधिक शिकायतें दर्ज हो रही हैं। शनिवार को आयोजित होने वाले जनमिलन कार्यक्रम में हर बार जमीन धोखाधड़ी से संबंधित आठ से दस शिकायतें आती हैं जबकि एसडीएम और तहसीलदार के पास भी रोजाना चार से पांच ऐसे मामले आ रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

केस स्टडी

केस-1 : मुखानी क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी एक महिला ने मार्च 2023 में भगवानपुर में 20 लाख रुपये में एक भूखंड का सौदा तय किया। महिला ने पांच लाख रुपये नकद और दो चेक के माध्यम से 15 लाख रुपये दिए। बाद में हल्द्वानी तहसील में रजिस्ट्री के नाम पर दिए गए दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद महिला को दूसरी जमीन दिलाने का झांसा देकर भी कुछ रकम ली गई। कुल 53 लाख रुपये की ठगी के आरोप में अदालत के आदेश पर जून 2026 में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई।

केस-2 : लालकुआं के किशनपुर सरकुलिया और हल्द्वानी के बमौरी मल्ली में स्थित कुल 415.43 वर्ग मीटर जमीन नैनीताल बैंक में बंधक रखकर 1.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया। ऋण लेने के करीब आठ महीने बाद ही किशनपुर सरकुलिया की जमीन दूसरे व्यक्ति को बेच दी गई। मार्च 2024 में ऋण खाता एनपीए होने पर बैंक ने जांच की तो मामला सामने आया। बैंक की शिकायत के बाद अदालत के आदेश पर अप्रैल 2026 में एक दंपत्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

केस -3 : अगस्त 2024 में हल्द्वानी तहसील में जांच के दौरान जमीन के कागजात में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। एक व्यक्ति ने अपने पिता के जीवित रहते उनकी जमीन अपने कर्मचारी के नाम कराने के लिए फर्जी दस्तावेज और शपथपत्र तैयार कराए। बाद में जमीन अलग-अलग लोगों को बेच दी। प्रशासनिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद तहसीलदार की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर भी रोक लगाई गई।

केस -4 : अप्रैल 2023 में सत्यविहार जयदेवपुर निवासी एक व्यक्ति ने छड़ायल नयाबाद में 2608.5 वर्ग फुटट जमीन का 23.18 लाख रुपये में सौदा किया। उन्होंने 10.50 लाख रुपये एडवांस दिए। रजिस्ट्री के लिए तय तारीख पर वह हल्द्वानी रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे तो विक्रेता का फोन बंद मिला। बाद में उसके लापता होने की जानकारी मिली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

केस-5 : पिछले साल गौलापार में एक व्यक्ति ने 23 लोगों को अलग अलग भूखंड बेचकर उनसे धनराशि प्राप्त कर ली। खरीददार जब दाखिल खारिज कराने तहसील में पहुंचे तो पता चला कि संबंधित व्यक्ति के खाते में जमीन है ही नहीं। ठगी का शिकार हुए यह लोग अब तक पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक से शिकायत कर चुके हैं लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही है।

ई-रजिस्ट्रेशन पोर्टल बताएगा किन खसरा नंबरों पर लगी है रोक
तहसीलदार कुलदीप पांडे का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति जमीन खरीद रहा है तो उसे अनिवार्य रूप से ई-रजिस्ट्रेशन पोर्टल में लॉगिन कर संबंधित खसरा नंबर जांचना चाहिए। इस पोर्टल से यह पता चल जाता है कि कौन-कौन से खसरा नंबरों पर जमीन खरीद फरोख्त पर रोक लगी है। जमीन की जांच केवल वही व्यक्ति करा सकता है जो संबंधित भूमि का खाताधारक है। खरीदार को विक्रेता के साथ तहसील अथवा निबंधक कार्यालय जाकर भूमि की तस्दीक कराकर रिपोर्ट साझा करनी चाहिए। एक आवेदन पत्र देकर भूमि की जांच कराई जा सकती है। इसका कोई विशेष शुल्क देय नहीं होता है।

इन जगहों पर कराई जा सकती है भूमि की जांच

तहसील कार्यालय- संबंधित पटवारी या राजस्व उपनिरीक्षक से खसरा, खतौनी, खाता संख्या और भूमि की श्रेणी की जानकारी ली जा सकती है।

उप निबंधक कार्यालय (रजिस्ट्री कार्यालय)- यहां से जमीन की पुरानी रजिस्ट्री, विक्रय पत्र और उपलब्ध पंजीकृत दस्तावेज की प्रमाणित प्रतियां निकलवा सकते हैं।

भूलेख पोर्टल उत्तराखंड- यहां ऑनलाइन खतौनी और राजस्व रिकॉर्ड देख सकते हैं।

 

तहसील और संबंधित न्यायालय- जमीन पर राजस्व मुकदमा, विवाद, दाखिल-खारिज संबंधी आपत्ति या अन्य मुकदमे की जानकारी ली जा सकती है।

जमीन खरीदने से पहले ये पांच दस्तावेज जरूर जांचें

1-खतौनी और खसरा जांचें। देखें कि जमीन किसके नाम दर्ज है और उसका क्षेत्रफल कितना है

2-विक्रेता को जमीन किससे और कब मिली। यह पुराने बैनामे देखकर पता चलेगा

3-राजस्व रिकॉर्ड में विक्रेता का नाम दर्ज है या नहीं, इसकी पुष्टि अवश्य करें

4-जमीन पर बैंक का ऋण, न्यायालय का मुकदमा या किसी तरह की कोई रोक तो नहीं है, इसकी जानकारी अवश्य लें।

5-भूखंड की सीमाएं, खसरा नंबर और वास्तविक स्थिति का राजस्व नक्शे से मिलान कराएं।

जांच के बाद ही दें रकम
जमीन का सौदा करने से पहले केवल विक्रेता के दिखाए कागजात या प्रॉपर्टी डीलरों की बात पर भरोसा न करें। संबंधित तहसील और उपनिबंधक कार्यालय से रिकॉर्ड की पुष्टि कराएं। जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति का कब्जा, रास्ते का विवाद या सीमांकन की समस्या हो तो पहले उसका समाधान कराएं। भुगतान बैंकिंग माध्यम से करें और हर भुगतान की रसीद व लिखित अनुबंध अपने पास रखें।

लैंड फ्रॉड के अधिकतर मामलों में पर्वतीय क्षेत्र के लोग पीड़ित होते हैं। अब तक 40 से अधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। भू-माफिया हों या कब्जाधारी लोगों को जमीनी धोखाधड़ी का शिकार बनाने वालों पर कार्रवाई निश्चित तौर पर की जाएगी। पीड़ित बिना डरे अपनी शिकायत करें। दीपक रावत, आयुक्त कुमाऊं मंडल

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed